लॉकडाउन के कारण घरों में कैद लोग समय काटने के लिए ऑनलाइन मनोरंजन का सहारा ले रहे हैं। इसमें भी लोग ज्यादातर हिंदी में कंटेंट देख रहे हैं। टियर-2 और टियर-3 शहरों के साथ ग्रामीण इलाके भी इस मामले में पीछे नहीं हैं।
हॉटस्टार के चीफ प्रोडक्ट ऑफिसर वरुण नारंग ने कहा कि ओटीटी मंचों में वृद्धि की लहर अब छोटे शहरों से आएगी। देश में 40 करोड़ लोगों ने हॉटस्टार डाउनलोड किया है। वहीं, स्टैटिस्टा रिसर्च डिपार्टमेंट के अध्ययन के मुताबिक, यूपी में सबसे ज्यादा 98% लोग हिंदी कंटेंट देखते हैं।
गौरतलब हो कि कोरोना वायरस की वजह से देश में लॉकडाउन लागू है। इस कारण लोग घरों में कैद है। इस दौरान वे सबसे ज्यादा स्मार्टफोन और लैपटॉप जैसे डिवाइसेज का इस्तेमाल कर रहे हैं। वहीं, कुछ दिन पहले इसी दौरान एक रिपोर्ट भी सामने आई थी, जिसमें दावा किया गया था कि अधिकतर यूजर्स वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग एप पर बिजनेस मीटिंग करने के साथ-साथ दोस्तों और परिवार के लोगों के साथ बातें करने में समय बिता रहे हैं।
71 फीसदी यूजर्स वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग एप पर हैं एक्टिव
बोबले एआई की रिपोर्ट के मुताबिक, 71 फीसदी यूजर्स इस समय जूम, हैंगआउट, गूगल डुओ और हाउसपार्टी जैसे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग एप पर एक्टिव हैं। साथ ही लॉकडाउन के दौरान हाउसपार्टी एप की एक्टिव यूजर्स की संख्या में तेजी से वृद्धि हुई है।
फिटनेस और मनोरंजन एप पर एक्टिव हैं यूजर्स
बोबले एआई की रिपोर्ट में आगे कहा गया था कि यूजर्स लॉकडाउन के दौरान अपने आप को फिट रखने के लिए फिटनेस एप का इस्तेमाल कर रहे हैं। साथ ही यूजर्स ने जानकारी बढ़ाने के लिए विभिन्न शैक्षिक एप और फिल्म देखने के लिए मनोरंजन एप का उपयोग किया है।
शैक्षिक एप की इंगेजमेंट रेट में हुआ इतना इजाफा
रिपोर्ट के अनुसार, यूजर्स इस समय अडेमी, अनएकेडमी और बायजूस जैसे ई-लर्निंग एप का उपयोग कर रहे हैं। साथ ही इन एप की इंगेजमेंट रेट में 25.12 फीसदी का इजाफा हुआ है।