पूरे देश में जहां कुछ दिनों बाद हर तरफ आईपीएल का खुमार हावी होता दिखेगा वहीं महाराष्ट्र के मुंबई और अन्य शहर के लोग इसके रोमांच से वंचित रह सकते हैं। आईपीएल मैचों के दौरान मैदान को तैयार करने में हजारों लीटर पानी की बर्बादी पर मुंबई हाइकोर्ट ने सवाल खड़ा करते हुए बीसीसीआई और क्रिकेट संघों को कड़ी फटकार लगाई है।
हाईकोर्ट ने कहा कि ऐसे में जब राज्य के कई जिले भयंकर सूखे की मार झेल रहे हैं तब इस तरह हजारों लीटर पानी बर्बाद करने का क्या तुक है। कोर्ट का कहना है कि क्यों न आईपीएल के मैच कहीं ऐसी जगह स्थानांतरित कर दिए जाएं जहां सूखे का संकट न हो।
अदालत ने कहा अगर बीसीसीआई के स्टेडियमों के लिए पानी सप्लाई बंद कर दी जाए तब आप इस दिक्कत को समझ सकेंगे। कोर्ट ने कहा हमारे लिए लोग ज्यादा महत्वपूर्ण हैं आईपीएल के मैच नहीं।
आईपीएल के लिए तैयार किए जाने वाले मैचों में हजारों लीटर पानी बर्बाद होता है जिसे रोकने के लिए एनजीओ लोकसत्ता मूवमेंट की ओर से बांबे हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई थी।