बुधवार को संसद की सुरक्षा में चूक का मामला सामने आया है। लोकसभा में कार्यवाही के दौरान दो व्यक्ति के दर्शक दीर्घा से सदन में कूदने के बाद सियासी हलचल तेज हो गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बुधवार को उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि अपराधियों को पकड़ने के लिए लोकसभा सदस्यों, सुरक्षा कर्मियों, चैंबर स्टाफ, मार्शलों की सराहना की है। घटना के बाद कार्यवाही शुरू होने पर लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि इस तरह की घटना चिंता का विषय है। हम इस घटना की उच्च स्तरीय जांच कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि संसद में मौजूदा सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक समीक्षा की जाएगी।
गृह मंत्रालय को ओम बिरला लिखेंगे पत्र
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला संसद की सुरक्षा समीक्षा को लेकर गृह मंत्रालय को पत्र लिख सकते हैं। संसदीय सूत्रों ने बताया कि बिरला ने इस घटना पर चर्चा के लिए सर्वदलीय बैठक बुलाई, जिसमें अध्यक्ष ने राजनीतिक दलों ने नेताओं को घटना से जुड़ी जानकारी दी। सर्वदलीय बैठक में टीएमसी सांसद ने भाजपा सांसद प्रताप सिम्हा पर कार्रवाई की मांग की है। बता दें सांसद प्रताप सिम्हा ने ही आरोपियों को कार्यवाही देखने के लिए पास जारी किया था।कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि सदस्यों ने अध्यक्ष के साथ बैठक के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में कई खामियों को उजागर किया।
वहीं सूत्रों की मानें तो आरोपी तीन माह से लगातार भाजपा सांसद प्रताप सिम्हा से पास की मांग कर रहे थे। दो व्यक्तियों को सदन की कार्यवाही देखने का पास जारी किया गया था। संसद की अचूक सुरक्षा को चकमा देकर आरोपी लोकसभा की दर्शक दीर्घा से सदन में कूद गए। सूत्रों के मुताबिक, आरोपी मनोरंजन दूसरे आरोपी सागर को दोस्त के तौर पर सांसद के कार्यालय में ले गया था। उन्होंने नई संसद देखने के इच्छा जाहिर करते हुए सांसद से पास देने की गुजारिश की थी।
सांसद प्रताप सिम्हा ने जारी किए थे आरोपियों को 'पास'
भाजपा सांसद प्रताप सिम्हा के आदेश पर बुधवार को तीन पास जारी किए गए। सूत्रों के मुताबिक कहा गया कि एक महिला को वापस लौटा दिया गया था, क्योंकि वह अपने बच्चे के साथ आई थी। हालांकि महिला का दोनों आरोपियों से कोई संबंध नहीं था। बताया जा रहा है आरोपी मनोरंजन लगातार तीन माह से 'पास' के लिए सांसद सिम्हा और उनके कार्यालय का चक्कर लगा रहा था। पूरे मामले पर सांसद सिम्हा के कार्यालय ने कहा कि सांसद आमतौर पर अपने निर्वाचन क्षेत्र के सदस्यों के ऐसे अनुरोधों पर विचार करते हैं।
क्या है मामला?
लोकसभा सदन में गुरुवार दोपहर उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब सदन में मौजूद दर्शन दीर्घा से दो व्यक्ति कार्यवाही के दौरान सांसदों के बीच कूद गए। इस दौरान आरोपियों द्वारा कलर स्मॉग सदन के भीतर छोड़ा गया। सांसदों की सीट पर जाकर आरोपी द्वारा हंगामा किया। उस दौरान मौजूद सांसदों, सुरक्षा कर्मियों ने आरोपी को पकड़ लिया। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।