फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Live Parliament Session: अमित शाह बोले- महिलाओं से बर्बरता समाज पर धब्बा; हिंसा किसी भी समस्या का समाधान नहीं

Wed, 09 Aug 2023 11:09 PM IST
कीर्तिवर्धन मिश्र न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

Monsoon Session 2023 Live News Updates in Hindi: अविश्वास प्रस्ताव पर आज लोकसभा में लगातार दूसरे दिन चर्चा जारी हुई। कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज इसे लेकर सदन में अपनी बात रखी। अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान भाजपा पर बरसते हुए राहुल गांधी ने कहा कि आप देशभक्त, देशप्रेमी नहीं, आप देशद्रोही हो। इसलिए प्रधानमंत्री मणिपुर नहीं जा सकते क्योंकि उन्होंने मणिपुर में हिन्दुस्तान की हत्या की है। इसके बाद केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और गृह मंत्री अमित शाह ने चर्चा में हिस्सा लिया।
विज्ञापन
विज्ञापन

लाइव अपडेट

08:46 PM, 09-Aug-2023

तटीय जलकृषि प्राधिकरण विधेयक को संसद की मंजूरी मिली
संसद ने बुधवार को एक महत्वपूर्ण विधेयक को मंजूरी दे दी, जिसमें तटीय जल कृषि कानून के दायरे का विस्तार करने, कारावास के प्रावधानों को हटाने और पर्यावरण संरक्षण के सिद्धांतों से समझौता किए बिना नियामक अनुपालन शर्तों को आसान बनाने के प्रावधान किए गए हैं। राज्यसभा ने  तटीय जलकृषि प्राधिकरण (संशोधन) विधेयक, 2023 को ध्वनिमत से पारित कर दिया। लोकसभा इसे पहले ही पारित कर चुकी है।

08:46 PM, 09-Aug-2023

लोकसभा अध्यक्ष ने कांग्रेस सांसद प्रतापन को चेतावनी दी
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सदन की गरिमा का अपमान करने को लेकर कांग्रेस सांसद टीएन प्रतापन को बुधवार को चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि आगे ऐसा करने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि मैं सुबह की घटना के लिए माननीय सदस्य टीएन प्रतापन को अंतिम बार चेतावनी दे रहा हूं। उन्होंने सदन की गरिमा को जिस तरह से कम करने का प्रयास किया है। मैं किसी भी सदस्य के खिलाफ कार्रवाई नहीं करना चाहता, लेकिन इस तरह की घटना घटेगी तो कार्रवाई जरूर करूंगा।

07:44 PM, 09-Aug-2023

दोनों सदन कल तक के लिए स्थगित
लोकसभा और राज्यसभा को 10 अगस्त के लिए स्थगित कर दिया गया।

विज्ञापन
06:42 PM, 09-Aug-2023

डिजिटल व्यक्तिगत डेटा संरक्षण विधेयक, 2023 पारित
राज्यसभा ने डिजिटल व्यक्तिगत डेटा संरक्षण विधेयक, 2023 पारित किया, जो सरकार और कानून प्रवर्तन एजेंसियों के लिए अपवादों के साथ, ऑनलाइन डेटा एकत्र करने वाली फर्मों के लिए आवश्यकताओं को निर्धारित करने का प्रयास करता है। इससे पहले यह विधेयक 7 अगस्त को लोकसभा से पारित हुआ था।

06:25 PM, 09-Aug-2023

अमित शाह ने पूर्वोत्तर के राज्यों पर कही यह बात
लोकसभा में अमित शाह ने कहा कि मोदी सरकार ने पूर्वोत्तर राज्यों के लिए काफी अहम कदम उठाए हैं। कांग्रेस के साथी कहते हैं कि हम पूर्वोत्तर राज्यों के लिए कुछ नहीं कर रहे। वहां सिर्फ हिंसा ही हिंसा हो रही है। मैं बताना चाहूंगा कि UPA के समय पूर्वोत्तर राज्य जल रहे थे। हमनें उस पर लगाम लगाने का काम किया है। वहां उग्रवादी घटनाएं कम हुई हैं। 

मणिपुर पर कह यह बात
उन्होंने कहा कि मणिपुर में हिंसा का तांडव हुआ। हिंसक घटनाएं हुईं। वहां जो कुछ भी हुआ, वह शर्मनाक है। उस पर राजनीति करना उससे भी ज्यादा शर्मनाक है। यह भ्रांति देश की जनता के सामने फैलाई गई है कि सरकार चर्चा के लिए तैयार नहीं है। मैं यह साफ करना चाहता हूं कि सत्र आहूत होने से पहले मैंने स्पीकर पत्र लिखकर मणिपुर पर चर्चा के लिए कहा था। पहले दिन से मैं यह बात कह रहा हूं। मेरी बात सुनते। अगर मेरी बात से संतुष्ट नहीं होते तो फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जवाब मांगते। आप देश के गृह मंत्री को मणिपुर मामले पर बोलने नहीं देते, यह किस तरह का लोकतंत्र है।

महिलाओं से बर्बरता समाज पर धब्बा
महिलाओं से बर्बरता के वायरल वीडियो पर अमित शाह ने कहा कि किसी ने पूछा कि यह वीडियो संसद के मानसून सत्र शुरू होने से एक दिन पहले ही क्यों सामने आया? अगर किसी के पास वीडियो था तो उसे पुलिस तंत्र को या संसद को देना चाहिए था। इसे सार्वजनिक करने की क्या जरूरत थी? महिलाओं के सम्मान की चिंता करनी चाहिए। चार तारीख की घटना का वीडियो था, अगर उसे सार्वजनिक करने की जगह डीजीपी तक पहुंचाया जाता तो पांच को ही कार्रवाई हो जाती। 

राहुल गांधी की मणिपुर यात्रा पर साधा निशाना
अमित शाह ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि उनका मणिपुर जाना अच्छा था। सभी की संवेदनाएं थीं, लेकिन उनका दौरा पूरी तरह से राजनीतिक था। उन्होंने सड़क मार्ग से जाने की जिद की। यह जानते हुए भी कि हेलीकॉप्टर की व्यवस्था की गई है, वे अपनी बात पर अड़े रहे।

मैतेई और कुकी दोनों समुदायों से बातचीत में शामिल होने की अपील
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मणिपुर में हिंसा के कारणों और राज्य में स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सरकार द्वारा उठाए गए कदमों पर विस्तृत प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि मैं मैतेई और कुकी दोनों समुदायों से बातचीत में शामिल होने की अपील करता हूं, हिंसा किसी भी समस्या का समाधान नहीं है। मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि हम राज्य में शांति लाएंगे। इस मुद्दे पर राजनीति नहीं की जानी चाहिए।

लोकसभा ने मणिपुर में शांति की अपील का प्रस्ताव पारित
लोकसभा ने बुधवार को मणिपुर में शांति की अपील करने वाला एक प्रस्ताव पारित किया। विपक्ष की मौजूदगी में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सांसदों ने  इसका समर्थन किया। दरअसल,  गृह मंत्री अमित शाह ने सदन में अविश्वास प्रस्ताव पर संबोधन के बाद सुझाव दिया कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला मणिपुर में शांति की अपील वाला एक प्रस्ताव पढ़ें। सुझाव का सदन के उपनेता और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने समर्थन किया। इस पर लोकसभा में कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि पहले प्रस्ताव का मसौदा साझा किया जाना चाहिए और गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में इसे अपनाया जाना चाहिए। इसके बाद ओम बिरला ने प्रस्ताव पढ़ा, जिसे सदन ने स्वीकार कर लिया।

विज्ञापन
05:09 PM, 09-Aug-2023

राघव चड्ढा को नोटिस जारी
राज्यसभा की विशेषाधिकार समिति ने आज संसद में बैठक की। इस दौरान सांसद डॉ. सस्मित पात्रा, एस फांगनोन कोन्याक, डॉ. एम. थंबीदुरई और नरहरि अमीन द्वारा उनके खिलाफ लगाए गए विशेषाधिकार हनन के आरोपों पर आप सांसद राघव चड्ढा से जवाब मांगने का फैसला किया गया। इसके बाद राघव चड्ढा को नोटहिस जारी कर जवाब मांगा गया है।

04:39 PM, 09-Aug-2023

फारूक का सरकार पर बड़ा हमला, केंद्रीय मंत्री का पलटवार
लोकसभा में नेशनल कॉन्फ्रेंस के सांसद डॉ. फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि हमें इस राष्ट्र का हिस्सा होने पर गर्व है। इस राष्ट्र की जिम्मेदारी न केवल हिंदुओं के प्रति है, बल्कि भारत में रहने वाले हर व्यक्ति के प्रति है। प्रधानमंत्री केवल एक रंग का प्रतिनिधित्व नहीं करते हैं, वह भारत का प्रतिनिधित्व करते हैं। कितने कश्मीरी पंडित हैं आप इन पिछले 10 वर्षों में वापस लाए? यह मत कहो कि हम भारत का हिस्सा नहीं हैं, हम पाकिस्तानी हैं, गद्दार हैं। हम इस राष्ट्र का हिस्सा हैं। इस पर गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने जवाब दिया कि यह कहना कि इस सरकार ने कश्मीरी पंडित हिंदुओं के लिए कुछ नहीं किया, गलत है और सदन को गुमराह किया जा रहा है।

04:34 PM, 09-Aug-2023

जगदीप धनखड़ ने विशेषाधिकार हनन के मामले को स्वीकार किया
राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ ने विशेषाधिकार हनन के मामले को स्वीकार कर लिया है। सूत्रों के मुताबिक, आप सांसद राघव चड्ढा के खिलाफ दिल्ली सेवा विधेयक को प्रवर समिति में भेजने के लिए उनके द्वारा लाए गए प्रस्ताव पर आगे विचार करने के लिए इसे विशेषाधिकार समिति के पास भेज दिया है। इसमें उल्लिखित नाम बीजेडी सांसद सस्मित पात्रा, बीजेपी सांसद नरहरि अमीन, सुधांशु त्रिवेदी और वाईएसआरसीपी सांसद निरंजन रेड्डी सहित सांसदों का एक पत्र फर्जी होने का दावा है।

04:34 PM, 09-Aug-2023

मणिपुर मुद्दे पर कांग्रेस सांसदों ने राज्यसभा से वॉकआउट किया
राज्यसभा नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि हमारा इरादा था कि जब सदन में मणिपुर पर विस्तृत चर्चा होगी तो कुछ विवरण सामने आएंगे। पीएम सदन में आने के लिए तैयार नहीं हैं। सरकार हमारी बात सुनने के लिए तैयार नहीं है। विरोध के तौर पर हम सदन से वॉकआउट कर रहे हैं। 

04:27 PM, 09-Aug-2023

फ्लाइंग किस पर घिरे राहुल गांधी
  • भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने कहा कि वह फ्लाइंग किस देते हैं। राहुल गांधी को क्या हो गया है? वहां (सदन में) इतनी सारी महिलाएं बैठी हैं। उनमें कोई शिष्टाचार नहीं है। 
  • केंद्रीय मंत्री और भाजपा सांसद शोभा करंदलाजे ने कहा कि पहली बार ये हो रहा है कि संसद के एक सदस्य संसद के अंदर किसी महिला के सामने फ्लाइंग किस दे रहे हैं। वे क्या नेता हैं? हमने आज स्पीकर को शिकायत की है। हमने  मांग की है कि CCTV फुटेज देखकर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए।
  • कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि राह चलते सुना था कि औरतों को वो लोग जो कानून का उल्लंघन करते हैं वे इस प्रकार के अभद्र टिप्पणियां अथवा अभद्र संकेत देते हैं। ये नहीं पता था कि गांधी परिवार के संस्कार में भी एक संस्कार ये है।

04:26 PM, 09-Aug-2023

सरकार राहुल के सवालों का जवाब नहीं दे रही: कार्ति
कांग्रेस सांसद कार्ति चिदंबरम ने कहा कि राहुल गांधी ने मणिपुर की पूर्ण निष्क्रियता और कुप्रबंधन के बारे में सरकार से कुछ बहुत तीखे सवाल पूछे। सरकार उन सवालों का जवाब नहीं दे रही है। यह भाजपा की पुरानी रणनीति है। हर बार हम तीखे सवाल उठाते हैं। वे हमेशा इतिहास में घटित घटनाओं, मुद्दों पर बात कर इसे भटकाने की कोशिश करते हैं जिनका कोई संबंध नहीं है।

04:26 PM, 09-Aug-2023

पंजाब में कुल 103 राहत शिविर स्थापित किए गए
राज्यसभा में एक लिखित उत्तर में गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार हाल की बाढ़ के दौरान राज्य में कुल 103 राहत शिविर स्थापित किए गए हैं।

04:25 PM, 09-Aug-2023

पांच वर्षों में देश के भीतरी इलाकों में 5 आतंकवादी घटनाएं हुईं
गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने बताया कि पिछले पांच वर्षों में देश के भीतरी इलाकों में 5 आतंकवादी घटनाएं हुईं और 3 नागरिकों की मौत हुई है। इन घटनाओं में कोई सशस्त्र बल का सिपाही हताहत नहीं हुआ है और 1 आतंकवादी मारा गया।


04:23 PM, 09-Aug-2023

लद्दाख में कोई आतंकी हमला नहीं हुआ
राज्यसभा में गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि पिछले 5 वर्षों के दौरान केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख में कोई आतंकी हमला नहीं हुआ। इसलिए आतंकी हमलों में हताहतों का सवाल ही नहीं उठता।


02:59 PM, 09-Aug-2023

अमित शाह शाम करीब पांच बजे लोकसभा में देंगे जवाब

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज शाम करीब पांच बजे लोकसभा में अविश्वास प्रस्ताव पर जवाब देंगे। सूत्रों ने यह जानकारी दी है।

02:55 PM, 09-Aug-2023

फिर स्थगित हुई राज्यसभा

मणिपुर हिंसा मुद्दे पर विपक्षी सांसदों के हंगामे के बीच राज्यसभा दोपहर 2.45 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।

02:54 PM, 09-Aug-2023

NDA की महिला सांसदों ने ओम बिरला से राहुल के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की

एनडीए की महिला सांसदों ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखकर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर भाजपा सांसद स्मृति ईरानी के प्रति अनुचित इशारे करने और सदन में अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

02:24 PM, 09-Aug-2023

प्लाइंग किस को लेकर रविशंकर ने राहुल पर साधा निशाना

भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने कहा, वह फ्लाइंग किस देते हैं। राहुल गांधी को क्या हो गया है? वहां (सदन में) इतनी सारी महिलाएं बैठी हैं। उनमें कोई शिष्टाचार नहीं है। उन्हें इससे बहुत पीड़ा हुई है।
 

02:21 PM, 09-Aug-2023

स्मृति ईरानी ने अदाणी को लेकर राहुल पर किया हमला

स्मृति ईरानी ने गौतम अदाणी के साथ रॉबर्ट वाड्रा की तस्वीर दिखाते हुए कहा कि ये कब से अदाणी-अदाणी कर रहे हैं, तो अब थोड़ा अब मैं भी बोल दूं। फोटो मेरे पास भी है...1993 में कांग्रेस ने मुंद्रा पोर्ट में अदाणी को जगह दी... यूपीए शासन के दौरान उन्होंने अदाणी को 72,000 करोड़ रुपये का ऋण दिया। कांग्रेस शासन के दौरान विभिन्न राज्यों में बंदरगाहों का काम अदाणी को क्यों दिया गया?"
 

02:18 PM, 09-Aug-2023

भाजपा सांसद शोभा करंदलाजे ने राहुल के खिलाफ कार्रवाई की मांग की

केंद्रीय मंत्री और भाजपा सांसद शोभा करंदलाजे ने कहा कि 'सभी महिला सदस्यों को फ्लाइंग किस देकर राहुल गांधी चले गए। यह सरासर एक सदस्य का दुर्व्यवहार है। यह एक सदस्य का अनुचित और अशोभनीय व्यवहार है। वरिष्ठ सदस्य बता रहे हैं कि भारत की संसद के इतिहास में ऐसा कभी नहीं हुआ...यह कैसा व्यवहार है? वह किस तरह के नेता हैं? इसलिए हमने इसकी सीसीटीवी फुटेज लेने और उनके खिलाफ कार्रवाई करने के लिए लोकसभा अध्यक्ष से शिकायत की है।
 

02:15 PM, 09-Aug-2023

स्मृति ईरानी का राहुल गांधी पर बड़ा आरोप

भाजपा सांसद स्मृति ईरानी कहा, राहुल गांधी ने जाते-जाते एक अभद्र लक्षण के दर्शन दिखाए। यह केवल एक स्त्रीद्वेषी व्यक्ति ही हो सकता है जो उस संसद में संसद की महिला सदस्यों के रहते हुए फ्लाइंग किस दे। ऐसे गरिमाविहीन आचरण को इस देश के सदन में कभी नहीं देखा गया।
 

 

01:40 PM, 09-Aug-2023

राहुल गांधी राजस्थान में अपने कार्यक्रम के लिए रवाना

अविश्वास प्रस्ताव पर बोलने के बाद कांग्रेस सांसद राहुल गांधी राजस्थान में अपने कार्यक्रम के लिए संसद भवन से रवाना हो गए।

01:03 PM, 09-Aug-2023

स्मृति का राहुल पर तंज- मैं जोड़ों के दर्द पर भाषण नहीं दूंगी

स्मृति ईरानी ने कहा कि यहां दिल्ली में सिख बच्चों के अंगों को काटकर उनकी मां के मुंह में ठूंसा गया। त्रिलोकपुरी में तीस औरतों को इकट्ठाकर गांव में ले जाकर दुष्कर्म किया गया। एक महिला ने कहा कि उसका सामूहिक दुष्कर्म किया गया, उसके सामने उसके बेटे को जला दिया गया। मैं जोड़ों के दर्द पर भाषण नहीं दूंगी, इतना जरूर कहूंगी कि जिन वादियों को हिंदुस्तान ने खून से सना देखा है, जब ये इन वादियों में गए, तब ये बर्फ के गोलों के साथ खेल रहे थे। जब प्रधानमंत्री ने 370 को हटाया, तब तस्वीर बदली। इन्होंने कहा कि ये मणिपुर गए थे, यात्रा में गए थे। यात्रा में इन्होंने क्या आश्वासन दिया? इनका बस चले तो 370 को दोबारा स्थापित कर देंगे। आज जो सदन से भाग गए हैं उन्हें कहना चाहती हूं कि इस देश में अब धारा 370 कभी नहीं लौटेगी। कश्मीरी पंडितों को धर्म बदलो, या कश्मीर छोड़ो या यहीं मरो कहने वाला अब कोई बचेगा नहीं। 
 

12:58 PM, 09-Aug-2023

स्मृति ईरानी ने कश्मीरी पंडितों का उठाया मुद्दा

मैं इनसे पूछती हूं, इन्हीं के गठबंधन के एक सदस्य बैठे हैं, जो तमिलनाडु में कहते हैं कि भारत का मतलब मात्र उत्तर भारत। क्या भारत केवल उत्तर भारत है, अगर दम है तो अपने सहयोगी को मुंहतोड़ जवाब दें। अगर राहुल गांधी में हिम्मत है तो भारत पर इस तरह का कटाक्ष करने वाले इस नेता का खंडन करके बताएं। कांग्रेस के एक नेता ने कोर्ट में जाकर वक्तव्य दे दिया कि कश्मीर में जनमत संग्रह होना चाहिए। अगर हिम्मत है गांधी खानदान में है तो कांग्रेस के उस नेता का वक्तव्य क्यों है। आप भारत नहीं हैं। क्या भारत विभाजित हो, यह कांग्रेस के नेतृत्व के निर्देश के अनुसार है? हमारे राष्ट्र के संसदीय इतिहास में आज तक भारत मां की हत्या की बात करने वाले कभी भी बैठकर मेज नहीं थपथपाते। इन्होंने मेज थपथपाई है। ये बात करते हैं इंसाफ की? यह चेहरा धूमिल है। मैं बताऊं किसका चेहरा है? यह चेहरा गिरिजा टिक्कू का है। कश्मीरी पंडितों की दास्तान सुन लीजिए। नब्बे के दशक में एक महिला यूनिवर्सिटी में अपना चेक लेने जाते हैं। बस से घर लौटने का प्रयास करते हैं। पांच मर्द खींचकर ले जाते हैं, दुष्कर्म करते हैं और आरी से बदन काट देते हैं। जब गिरिजा टिक्कू के जीवन पर एक फिल्म में दिखाया गया तो कांग्रेस के कुछ प्रवक्ताओं ने उसे प्रपोगैंडा कहा। आप नहीं चाहते कश्मीरी पंडितों की दास्तान सुनाई जाए। सरला बट्ट को भी अगवा कर सामूहिक दुष्कर्म किया गया था। ये आप अपने आप को इंसाफ का पुजारी बताते हैं, लेकिन मुझे बताइए कि गिरिजा टिक्कू और सरला बट्ट को कब इंसाफ मिलेगा? तब वहां यह नारा दिया जाता था कि या तो धर्म बदलो, या कश्मीर छोड़ो या यहीं मरो।
 

12:55 PM, 09-Aug-2023

स्मृति ईरानी: मणिपुर खंडित नहीं है, विभाजित नहीं है, मेरे देश का अंग

राहुल गांधी के तुरंत बाद उन्हें 2019 के लोकसभा चुनाव में अमेठी में हराने वालीं केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने भाषण शुरू किया। उन्होंने कहा कि आप हिंदुस्तान नहीं हैं, भारत मेरिट पर भरोसा करता है, वंशवाद पर नहीं। पहली बार भारत मां की हत्या की बात और कांग्रेस पार्टी यहां पर तालियां बजाती रही। भारत की हत्या की बात पर कांग्रेस पार्टी और विपक्षी सदस्यों ने ताली पीटी है। यहां आज हिंदुस्तानी होने के नाते कहती हूं कि मणिपुर खंडित नहीं है, विभाजित नहीं है, मेरे देश का अंग है।

12:49 PM, 09-Aug-2023

राहुल गांधी: एक मेरी मां यहां बैठी हैं, दूसरी मां को इन्होंने मणिपुर में मार दिया

स्पीकर ने राहुल को टोकते हुए कहा, माननीय सदस्यों, भारत मां, हमारी मां है। हमें सदन में बोलते समय संयम बरतना चाहिए। इस पर राहुल ने कहा कि मैं मणिपुर में अपनी मां की हत्या की बात कर रहा हूं। एक मेरी मां यहां बैठी हैं, दूसरी मां को इन्होंने मणिपुर में मारा है। ...और हर रोज, जब तक आप हिंसा को बंद नहीं करोगे, तब तक आप मेरी मां की हत्या कर रहे हो। हिंदुस्तान की सेना मणिपुर में एक दिन में शांति ला सकती है, लेकिन आप नहीं होने दे रहे क्योंकि आप हिंदुस्तान को मणिपुर में मारना चाहते हो। मोदी जी अगर हिंदुस्तान की आवाज नहीं सुनते हैं, मणिपुर की आवाज नहीं सुनते हैं तो सिर्फ दो लोगों की आवाज सुनते हैं। रावण दो लोगों की सुनता था- मेघनाथ और कुंभकर्ण। वैसे ही नरेंद्र मोदी दो लोगों की सुनते हैं- अमित शाह और अदाणी। लंका को हनुमान ने नहीं जलाया था, लंका को रावण के अहंकार ने जलाया था। 

स्पीकर ने दोबारा कहा: आप संयमित बोलें, यह तरीका नहीं है। 

राहुल ने कहा: आप पूरे देश में केरोसिन फेंक रहे हो, आपने मणिपुर में चिंगारी लगाई, अब हरियाणा में कर रहे हो, आप पूरे देश में भारत माता की हत्या कर रहे हो। 

स्पीकर: यह सदन है माननीय सदस्य। आप किस तरह बोलना चाहते हैं।

12:47 PM, 09-Aug-2023

'आप देशभक्त, देशप्रेमी नहीं, आप देशद्रोही हो'

राहुल ने भाषण दोबारा शुरू करते हुए कहा कि जैसे मैंने शुरुआत में कहा था कि भारत एक आवाज है। उस आवाज की हत्या आपने मणिपुर में की। इसका मतलब आपने भारत माता की हत्या मणिपुर में की। आपने मणिपुर के लोगों को मारकर भारत की हत्या की है। आप देशभक्त, देशप्रेमी नहीं हो, आप देशद्रोही हो। इसलिए प्रधानमंत्री मणिपुर नहीं जा सकते क्योंकि उन्होंने मणिपुर में हिंदुस्तान की हत्या की है। आप भारत माता के हत्यारे हो।

12:47 PM, 09-Aug-2023

स्पीकर भी हुए नाराज

लोकसभा अध्यक्ष ने फिर विपक्षी सांसदों से कहा कि आप जिस तरह का व्यवहार कर रहे हैं, उससे सदन नहीं चलेगा। यह तरीका ठीक नहीं है। जो सदस्य ऐसा करेंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई होगी। मैं बहुत शांति से सुन रहा हूं, इसका मतलब ये नहीं है कि आप ऐसा करें। स्पीकर ने सत्ता पक्ष के सांसदों से कहा कि आप भी बैठिए। 

12:46 PM, 09-Aug-2023

राहुल के बयान पर लोकसभा में जबर्दस्त हंगामा

मणिपुर में हिंदुस्तान का कत्ल होने का जैसे ही राहुल गांधी ने आरोप लगाया, लोकसभा में जमकर हंगामा हुआ। कई सांसदों के बीच नोक-झोंक हुई। राहुल को भाषण में बीच में रोकना पड़ा। फिर केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू उठे और कहा कि राहुल गांधी ने आज सदन में जो बातें कहीं हैं, मैं उस पर सवाल पूछना चाहता हूं। सात दशक तक यह होता रहा, इसकी जिम्मेदार कांग्रेस पार्टी है। राहुल गांधी को माफी मांगनी चाहिए। पूर्वोत्तर को इन्होंने बर्बाद किया है। आज वहां सारी दिक्कत कांग्रेस पार्टी की वजह से है। 

12:36 PM, 09-Aug-2023

राहुल ने कहा- इन्होंने मणिपुर में हिंदुस्तान की हत्या की है

राहुल ने कहा कि एक महिला से पूछा कि क्या हुआ आपके साथ? वो कहती हैं कि मेरा छोटा सा बेटा था, एक ही बच्चा था मेरा, मेरी आंखों के सामने उसे गोली मारी गई। ...आप अपने बेटों के बारे में सोचिए। मैं पूरी रात उसकी लाश के साथ लेटी रही। (विपक्ष ने कहा कि ये झूठ है, इस पर राहुल ने कहा कि नहीं, झूठ आप बोलते हैं, मैं नहीं) फिर मुझे डर लगा, मैंने घर छोड़ दिया। मैंने पूछा कि कुछ तो लाई होगी। वो बोलीं कि सिर्फ मेरे कपड़े मेरे पास हैं। ...फिर फोटो निकालकर कहती हैं कि यही मेरे पास अब बचा है। दूसरे शिविर में एक और महिला से पूछा कि तुम्हारे साथ क्या होगा। जैसे ही मैंने सवाल पूछा, वैसे ही वो कांपने लगी, उसने अपने दिमाग में वह दृश्य याद किया और बेहोश हो गई। ...इन्होंने मणिपुर में हिंदुस्तान की हत्या की है, इनकी राजनीति ने मणिपुर को नहीं, हिंदुस्तान को मणिपुर में मारा है। हिंदुस्तान का मणिपुर में मर्डर किया है।
 

12:36 PM, 09-Aug-2023

'मैं मणिपुर गया, प्रधानमंत्री आज तक नहीं गए'

राहुल ने कहा कि कुछ ही दिन पहले मैं मणिपुर गया। हमारे प्रधानमंत्री आज तक नहीं गए क्योंकि उनके लिए मणिपुर हिंदुस्तान नहीं है। मैंने मणिपुर शब्द प्रयोग किया, लेकिन आज की सच्चाई यह है कि मणिपुर नहीं बचा है। मणिपुर को आपने दो भाग में बांट दिया है, तोड़ दिया है। मैं मणिपुर में राहत शिविरों में गया। वहां महिलाओं से बात की, बच्चों से बात की, जो प्रधानमंत्री ने आज तक नहीं की। 

12:36 PM, 09-Aug-2023

'आप कहेंगे कि यह बात मैंने अभी क्यों रखी?'

राहुल ने कहा कि कोई कहता है यह देश अलग जमीन है, अलग मिट्टी, धर्म है, सोना है, चांदी है, मगर सच्चाई यह है कि यह देश सिर्फ एक आवाज है। अगर हमें इस आवाज को सुनना है तो हमारे दिल में जो अहंकार है, जो सपने हैं, उन्हें हमें परे करना होगा। तब हमें हिंदुस्तान की आवाज सुनाई देगी। अब आप कहेंगे कि यह बात मैंने अविश्वास प्रस्ताव में क्यों रखी? भारत इस देश के सब लोगों की आवाज है। हमें अहंकार, नफरत को मिटाना पड़ेगा। 

12:28 PM, 09-Aug-2023

'किसान ने कहा- उद्योगपतियों ने मेरे बीमा का पैसा छीन लिया'

राहुल ने कहा कि हर रोज सुबह छह बजे से रात सात-आठ बजे तक गरीब, किसान, मजदूर, व्यापारी, सबकी आवाज सुनी। मैं बात सुनता गया। फिर मेरे पास एक किसान आया और किसान ने हाथ में रुई पकड़ी हुई थी और उसने मुझे कहा कि राहुल जी, यही बचा है मेरे खेत का और कुछ नहीं बचा। मैंने उससे पूछा कि क्या बीमा का पैसा मिला? किसान ने मेरा हाथ पकड़कर कहा कि मुझे पैसा नहीं मिला। हिंदुस्तान के बड़े उद्योगपतियों ने वह मुझसे छीन लिया। मगर इस बार अजीब सी चीज हुई। उसके दिल में जो दर्द था, वह मेरे दिल में आया। जब वह अपनी बीवी से बात करता था, वह शर्म जो उसकी आंखों में थी, वह शर्म मेरी आंखों में आई। उसके बाद यात्रा बदल गई। मुझे भीड़ की नहीं, सिर्फ उस व्यक्ति की आवाज सुनाई देती थी। उसका दर्द, उसकी चोट, उसका दुख, मेरा दुख, मेरी चोट, मेरा दर्द बन गया।

12:25 PM, 09-Aug-2023

यात्रा शुरू की तो अहंकार था: राहुल

राहुल गांधी ने कहा कि वर्षों से मैं हर रोज आठ-दस किलोमीटर दौड़ सकता हूं। शुरुआत में मैंने सोचा था कि जब दस किलोमीटर दौड़ सकता हूं तो 25 किलोमीटर चलने का क्या मतलब। मैं कर सकता हूं। तब दिल में अहंकार था। मगर भारत अहंकार को एकदम मिटा देता है। एक सेकंड में मिटा देता है। दो-तीन दिन में मेरे घुटने में दर्द शुरू हुआ। पुरानी चोट थी। हर रोज, हर कदम दर्द। पहले दो-तीन दिनों में जो अहंकार था, जो भेड़िया निकला था, वह चींटी बन गया। वह पूरा अहंकार गायब हो गया। रोज मैं डर-डरकर चलता था कि क्या मैं कल चल पाऊंगा? यह मेरे दिल में दर्द था। मैं सह नहीं पा रहा था। एक लड़की आती है, एक चिट्ठी देती है। आठ साल की लड़की लिखती है- राहुल आय एम वॉकिंग विद यू, डोंट वरी। उस लड़की ने मुझे शक्ति दी, लाखों लोगों ने मुझे शक्ति दी। कोई किसान आता था, मैं एकदम उसे अपनी बात बताता था कि आपको ये करना चाहिए, वो करना चाहिए। हजारों लोग आए, फिर मैं बोल नहीं पाता था। जो मेरे दिल में बोलने की इच्छा थी, वह बंद हो गई। एक सन्नाटा सा छा गया। भीड़ की आवाज थी। भारत-जोड़ो, भारत-जोड़ो। जो मेरे से बात करता गया, उसकी आवाज में सुनता गया।

12:20 PM, 09-Aug-2023

मेरी यात्रा अभी खत्म नहीं हुई है: राहुल

राहुल ने कहा कि पिछले साल 130 दिन के लिए मैं भारत के एक कोने से दूसरे कोने तक गया। अकेला नहीं था। बहुत सारे लोगों के साथ गया। मैं समुंदर के तट से कश्मीर की बर्फीली पहाड़ी तक चला। यात्रा अभी खत्म नहीं हुई है। यात्रा जारी है। जरूर लद्दाख भी जाऊंगा। बहुत सारे लोगों ने मुझसे यात्रा के दौरान पूछा कि राहुल तुम क्यों चल रहे हो? कन्याकुमारी से कश्मीर तक क्यों जा रहे हो? जब वो मुझसे पूछते थे तो शुरुआत में मेरे मुंह से जवाब नहीं निकलता था। शायद मुझे ही नहीं पता था कि मैंने यात्रा क्यों शुरू की है? जब मैंने कन्याकुमारी से शुरू किया तो मुझे लगा कि मैं भारत को समझना चाहता हूं, लेकिन गहराई से मुझे पता नहीं था। थोड़े दिन में मुझे बात समझ आने लगी। जिस चीज से मुझे प्यार था, जिस चीज के लिए मैं मरने को तैयार हूं, जिस चीज के लिए मैं मोदी जी की जेलों में जाने को तैयार हूं, जिस चीज के लिए मैंने 10 साल हर रोज गाली खाई, उस चीज को मैं समझना चाहता हूं। ये आखिर है क्या, जिसने मेरे दिल को इतनी मजबूती से पकड़ रखा था, उसे मैं समझना चाह रहा था।

12:15 PM, 09-Aug-2023

राहुल गांधी जैसे ही बोलने के लिए खड़े हुए, भारत छोड़ो के नारे लगने लगे

राहुल ने कहा, मैंने पिछली बार जब बोला, तब आपको शायद कष्ट पहुंचा। जब मैंने इतनी जोर से अदाणी जी के बारे में बोला तो आपके वरिष्ठ नेताओं को कष्ट हुआ। इसके बाद हंगामा होने लगा। कांग्रेस की तरफ से कहा गया- इन्हें अभी भी कष्ट हो रहा है।

राहुल ने भाषण जारी करते हुए कहा कि वो जो कष्ट हुआ, उसका असर आप पर हुआ होगा, इसके लिए माफी मांगता हूं, लेकिन मैंने सिर्फ सच्चाई सामने रखी थी। भाजपा के मित्रों को डरने की जरूरत नहीं है। आज का मेरा भाषण अदाणी जी पर नहीं है। आप रिलैक्स कर सकते हैं, शांत रह सकते हैं। आज मेरा भाषण दूसरी दिशा में जा रहा है। रूमी ने कहा था- जो शब्द दिल से आते हैं, वो शब्द दिल में जाते हैं। आज मैं दिमाग से नहीं बोलना चाह रहा, दिल से बोलना चाह रहा हूं। ...और मैं आज आप लोगों पर इतना आक्रमण नहीं करूंगा। मतलब एक-दो गोले जरूर मारूंगा, लेकिन इतना नहीं मारूंगा।

12:13 PM, 09-Aug-2023

राहुल गांधी ने अविश्वास प्रस्ताव पर बोलना शुरू किया

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने अविश्वास प्रस्ताव पर बोलना शुरू किया। कहा, सबसे पहले, मैं आपको धन्यवाद देना चाहता हूं कि आपने मुझे (लोकसभा सदस्य के रूप में) बहाल किया। राहुल ने कहा- पिछली बार अदाणी का जिक्र किया था, कष्ट हुआ तो माफी मांगता हूं, आज उन पर नहीं बोलूंगा।

12:06 PM, 09-Aug-2023

संसद पहुंचे राहुल गांधी

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी संसद पहुंच गए हैं। इससे पहले संसद पहुंचने के लिए 10 जनपथ से बाहर निकलते वक्त पास में ही एक दुर्घटनाग्रस्त स्कूटर सवार से बात करने के लिए वे अपनी कार से उतरे थे।

11:44 AM, 09-Aug-2023

सोनिया गांधी संसद पहुंचीं

कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी संसद पहुंचीं। लोकसभा में आज दूसरे दिन भी मोदी सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा जारी रहेगी।

11:43 AM, 09-Aug-2023

राजद सांसद मनोज झा ने कसा तंज

राजद सांसद मनोज झा ने कहा, ...हमने 'सब को सन्मति दे भगवान' गाया ताकि पीएम नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा को सद्बुद्धि मिले।
 

11:39 AM, 09-Aug-2023

विपक्षी दलों के सांसदों ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की

विपक्षी सांसदों ने 1942 के भारत छोड़ो आंदोलन को याद करते हुए संसद परिसर में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। डीएमके सांसद तिरुचि शिवा ने कहा, हम आई.एन.डी.आई. गठबंधन दलों के सांसद भारत छोड़ो आंदोलन की सालगिरह पर पुष्पांजलि अर्पित करने के लिए गांधी प्रतिमा के पास आए हैं। हम उन लोगों को याद करते हैं जिन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के लिए अपना जीवन लगा दिया। उन्होंने संघर्ष किया है। भारत छोड़ो आंदोलन एक उल्लेखनीय आंदोलन है, यह स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में एक मील का पत्थर है। इसलिए, उस दिन को याद करना और भारत की संप्रभुता, अखंडता और स्वतंत्रता को बनाए रखना हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।

11:31 AM, 09-Aug-2023

लोकसभा में सांसदों ने स्वतंत्रता सेनानियों को दी श्रद्धांजलि

लोकसभा सांसदों ने 1942 के भारत छोड़ो आंदोलन की याद में स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि देने के लिए एक मिनट का मौन रखा। उन्होंने जापान में परमाणु बमबारी की 78वीं बरसी पर हिरोशिमा और नागासाकी के पीड़ितों को भी श्रद्धांजलि दी।

11:30 AM, 09-Aug-2023

राज्यसभा दो बजे तक के लिए स्थगित

हंगामे के बीच राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है।

11:27 AM, 09-Aug-2023

केसी वेणुगोपाल ने भाजपा के 'भारत छोड़ो' अभियान पर उठाए सवाल

कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने कहा, भाजपा और 'भारत छोड़ो' के बीच क्या संबंध है? उनके लोगों ने आजादी की लड़ाई में हिस्सा नहीं लिया था। भाजपा पूरी तरह से स्वतंत्रता आंदोलन के खिलाफ है। इसका क्या मतलब है कि वे भारत छोड़ो दिवस पर कुछ कह रहे हैं?  यह एक ऐतिहासिक दिन है...हम पीएम मोदी की मौजूदगी में संसद में बहस की मांग कर रहे हैं। पीएम संसद में आ ही नहीं रहे हैं...वह मणिपुर के बारे में बात नहीं कर रहे हैं। भारत छोड़ो आंदोलन अब हमें इस सरकार की याद दिलाता है...।
 

11:17 AM, 09-Aug-2023

हिरोशिमा-नागासाकी परमाणु बम विस्फोट के पीड़ितों को दी जाएगी श्रद्धांजलि

दिल्ली: संसद द्वारा हिरोशिमा और नागासाकी पर परमाणु बम विस्फोट की 78वीं बरसी पर पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी जाएगी। 

11:05 AM, 09-Aug-2023

लोकसभा-राज्यसभा की कार्यवाही शुरू

संसद के दोनों सदनों- लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही शुरू हो गई है। आज दोपहर 12 बजे लोकसभा में राहुल गांधी संबोधन देंगे। उनके अलावा कांग्रेस और विपक्ष के कुछ और नेता अपनी बात रखेंगे। शाम 4 बजे अविश्वास प्रस्ताव पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जवाब देंगे।

11:03 AM, 09-Aug-2023

कांग्रेस ने किए गृह मंत्री से तीन सवाल

अविश्वास प्रस्ताव को लेकर कांग्रेस सांसद गोरव गोगोई ने गृह मंत्री अमित शाह से सवाल पूछे हैं। उन्होंने कहा कि आज गृह मंत्री संसद में अपनी बात रखेंगे। गृह मंत्री से मेरा सवाल है- 1. उन्होंने मणिपुर जाकर एक कमिटी गठित की थी तो उस कमिटी ने अब तक क्या काम किया? 2.अमित शाह ने एक और पीस कमिटी बनाई थी उन्होंने कितनी बेठक की? और 3. मणिपुर के गृह विभाग ने असम राइफल्स के खिलाफ FIR दर्ज की है और असम राइफल्स अमित शाह(गृह मंत्रालय) के अधीन है तो यह कैसा काम डबल इंजन सरकार कर रही है?

10:49 AM, 09-Aug-2023

निशिकांत दुबे ने फिर साधा कांग्रेस पर निशाना

भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने आज संसद परिसर में कांग्रेस पर निशाना साधा। भारत छोड़ो का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, "इन 75 सालों में कांग्रेस और उनके समर्थन वाली पार्टियों ने देश को तीन चीजें दीं जो देश को दीमक की तरह खा रही हैं। एक है वंशवाद...दूसरा है भ्रष्टाचार... तीसरा है तुष्टीकरण... अल्पसंख्यकों को गुमराह करके वोट बैंक की राजनीति हो रही है और वे देश में नीतियों को लागू नहीं होने दे रहे।"

10:40 AM, 09-Aug-2023

निशिकांत दुबे के तंज पर उदित राज का तंज

भाजपा सांसद निशिकांत दुबे के राहुल गांधी पर दिए बयान को लेकर कांग्रेस नेता उदित राज ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि किसी नेता को देश की जनता सेट करती है...यह जनतंत्र का अपमान किया है। एक व्यक्ति विशेष अपने बेटे को, रिश्तेदार को राजनीति में सेट नहीं कर सकता। ये लोग(भाजपा) जनतंत्र में विश्वास नहीं करते इसलिए कल इन्होंने ऐसी ओछी टिप्पणी की।

10:29 AM, 09-Aug-2023

भारत छोड़ो के बैनर के साथ भाजपा सांसदों का प्रदर्शन

दिल्ली: भारत छोड़ो आंदोलन को याद करते हुए भाजपा सांसदों ने संसद परिसर में प्रदर्शन किया। सांसदों द्वारा 'भ्रष्टाचार भारत छोड़ो, वंशवाद भारत छोड़ो' और 'तुष्टीकरण भारत छोड़ो' के नारे लगाए गए।

10:16 AM, 09-Aug-2023

Live Parliament Session: अमित शाह बोले- महिलाओं से बर्बरता समाज पर धब्बा; हिंसा किसी भी समस्या का समाधान नहीं

कांग्रेस नेता राहुल गांधी अविश्वास प्रस्ताव को लेकर आज लोकसभा में बोलेंगे। लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी ने यह दावा किया। उन्होंने कहा कि राहुल दोपहर 12 बजे लोकसभा को संबोधित करेंगे। 

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें