लोकसभा की कार्यवाही सोमवार दोपहर तीन बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है।
लोकसभा में राष्ट्रीय रक्षा यूनिवर्सिटी विधेयक 2020 पारित हो गया है। इसमें गुजरात के गांधीनगर स्थित रक्षा शक्ति विश्वविद्यालय को उन्नत करके राष्ट्रीय महत्व की संस्था का दर्जा देने का प्रस्ताव है। विधेयक पर चर्चा में भाग लेते हुए भाजपा के राज्यवर्धन राठौर ने कहा कि अब जरूरी है कि पुलिस से जुड़े क्षेत्र और नयी तकनीक को लेकर शोध हो सके। यह भी जरूरी है कि हम इस क्षेत्र में निर्यातक बनें। इसमें यह विधेयक मददगार होगा।
इसके साथ ही बाइलेटरल नेटिंग ऑफ क्वालिफाइट फाइनेंशियल कॉन्ट्रैक्ट्स बिल 2020 (अर्हताप्राप्त वित्तीय संविदा का द्विपक्षीय शुद्धिकरण विधेयक 2020) लोकसभा में पेश किया गया जो ध्वनि मत से पारित हो गया। इस विधेयक के माध्यम से भारतीय वित्तीय बाजार में अर्हित वित्तीय संविदाओं की द्विपक्षीय नेटिंग की प्रवर्तनीयता का उपबंध करके वित्तीय स्थायित्व सुनिश्चित करने का प्रावधान किया गया है।
चार बजे तक लोकसभा की कार्यवाही स्थगित हो गई है।
कृषि विधेयकों को ध्वनि मत से पारित कराए जाने का विरोध करते हुए कई सासंद धरने पर बैठ गए हैं।
विपक्ष के भारी हंगामे और नारेबाजी के बीच ऊपरी सदन ने ध्वनि मत से कृषि संबंधी विधेयकों को पास कर दिया है। इसके बाद राज्यसभा की कार्यवाही को सोमवार सुबह नौ बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया है।
राज्यसभा की कार्यवाही दोबारा शुरू हो गई है। वहीं कृषि विधेयकों के विरोध में सदन के वेल में विपक्षी सांसदों द्वारा लगातार नारेबाजी की जा रही है।
विपक्ष के भारी हंगामे के बीच राज्यसभा की कार्यवाही स्थगित हो गई है।
कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने विधेयक पर जवाब दिया। इससे असंतुष्ट कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के सांसद वेल में पहुंच गए। कांग्रेस सांसद गुलाम नबी आजाद का कहना है कि राज्यसभा का समय ना बढ़ाया जाए। मंत्री का जवाब कल होना चाहिए क्योंकि अधिकतर सदस्यों की यही इच्छा है। वहीं सरकार विधेयकों को आज ही पास करवाना चाहती है। बता दें कि राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर एक बजे तक ही है। इतना ही नहीं विपक्षी सांसदों ने उपसभापति से विधेयक छीनने की कोशिश की। सांसदो ने आसन के सामने लगे माइक को तोड़ दिया।
कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने राज्यसभा में कहा, 'फसल की खरीद पहले की तरह रहेगी। न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) का विधेयक से कोई लेना-देना नहीं है। एमएसपी का सिस्टम बना रहेगा। इसमें किसी को शंका करने की जरूरत नहीं है। नए विधेयक से किसानों की आमदनी बढ़ेगी। एमएसपी को लेकर कोई भ्रम न फैलाया जाए। '
पूर्व प्रधानमंत्री और जेडीएस के सांसद एचडी देवगौड़ा राज्यसभा में कहा, 'प्रधानमंत्री को बताना चाहिए कि महामारी के मद्देनजर विधेयक पास कराने की जल्दबाजी क्यों है। उन्हें यह बताना चाहिए कि लघु और दीर्घावधि में कृषक समुदाय के लिए कृषि विधेयक क्या करेंगे और इससे किसानों की आय दोगुनी करने के सरकार के लक्ष्य को प्राप्त करने में कैसे मदद मिलेगी।'
बीजू जनता दल (बीजद) ने अपने राज्यसभा सदस्यों को व्हिप जारी कर विवादित कृषि विधेयकों पर रविवार को चर्चा के दौरान सदन में उपस्थित रहने का निर्देश दिया है। राज्यसभा में बीजद से मुख्य सचेतक सस्मित पात्रा ने कहा कि पार्टी सांसदों को तीन पंक्ति का व्हिप जारी कर पूरे दिन सदन में उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने बताया कि बीजद सदस्यों से कहा गया कहा गया है कि राज्यसभा में उनकी उपस्थिति आवश्यक है क्योंकि आज सदन में महत्वपूर्व विधान कार्यों पर चर्चा होगी। राज्यसभा में बीजद के नौ सदस्य हैं।
शिवसेना सांसद संजय राउत ने राज्यसभा में कहा, 'क्या सरकार देश को आश्वस्त कर सकती है कि कृषि सुधार विधेयकों के पारित होने के बाद, किसानों की आय दोगुनी हो जाएगी और कोई भी किसान आत्महत्या नहीं करेगा? इन विधेयकों पर चर्चा करने के लिए एक विशेष सत्र बुलाया जाना चाहिए।' क्या सरकार भरोसा दे सकती है कि विधेयक पास होने के बाद किसानों की आय दोगुनी हो जाएगी और आगे देश में कोई भी किसान आत्महत्या नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने बताया था कि विधेयक को लेकर अफवाह फैलाई जा रही है, ऐसे में मैं पूछना चाहता हूं कि क्या अफवाह पर ही एक मंत्री ने इस्तीफा दिया।
जदयू ने कृषि विधेयकों का समर्थन किया है। पार्टी सांसद रामचंद्र सिंह ने कहा, 'बिहार 2006 में एपीएमसी अधिनियम से हटने वाला पहला राज्य था। तब से कृषि उत्पादन और खरीद एमएसपी बढ़ी है।'
भाजपा ने अपने सांसदों को सदन में उपस्थित रहने के लिए शनिवार को तीन लाइन की व्हिप जारी की थी।
सरकार आज राज्यसभा में किसानों से जुड़े तीन विधेयक पेश करेगी। इस दौरान विपक्ष सरकार को घेरने की कोशिश करता हुआ नजर आ सकता है। वहीं इन विधेयकों को पास करवाना सरकार के लिए चुनौती होगी क्योंकि विपक्ष के साथ कुछ सहयोगी दल भी इसके खिलाफ लामबंद हैं।