फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

महिला आरक्षण-परिसीमन: संसद में बिल लाने की तैयारी पूरी, एनसीपी और आप का रुख क्या; किस पाले में कौन सा दल?

Fri, 27 Nov 2026 10:32 PM IST
राकेश कुमार न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली।

सार

महिला आरक्षण और परिसीमन विधेयक को लेकर केंद्र सरकार ने संसद में तैयारी तेज कर दी है। सरकार को दो-तिहाई बहुमत जुटाने के लिए विपक्षी दलों के समर्थन की जरूरत है। डीएमके ने शर्तों के साथ समर्थन के संकेत दिए हैं, जबकि कांग्रेस और सपा विरोध में हैं। एनसीपी (एसपी) ने अभी पत्ते नहीं खोले हैं। सुप्रिया सुले का कहना है कि पार्टी विधेयक का मसौदा देखने के बाद ही अपना रुख तय करेगी। ऐसे में सवाल है कि क्या सरकार इस बार जरूरी बहुमत जुटा पाएगी?

विज्ञापन
परिसीमन पर संसद में हंगामे के आसार - फोटो : @अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

महिला आरक्षण और परिसीमन को लेकर संसद में एक बार फिर सियासी घमासान के आसार हैं। केंद्र सरकार ने शुक्रवार को कैबिनेट बैठक में परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े प्रस्तावित संविधान संशोधन विधेयक को मंजूरी दे दी। सरकार की योजना लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों की संख्या बढ़ाकर अधिकतम 850 करने की है। प्रस्ताव के मुताबिक, सभी राज्यों में लोकसभा सीटों की संख्या में 50 फीसदी तक बढ़ोतरी की जा सकती है, जबकि राज्यों के बीच सीटों का मौजूदा अनुपात अगले 25 वर्षों तक बरकरार रखने का प्रस्ताव है। 
विज्ञापन


इसका मकसद 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण देने का रास्ता तैयार करना है। संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से शुरू होगा। लोकसभा की बैठक 30 नवंबर और राज्यसभा की बैठक दो दिसंबर से होगी। सरकार को विधेयक पारित कराने के लिए दोनों सदनों में विशेष बहुमत की जरूरत होगी। 

विधेयक को लेकर राजनीतिक दलों के रुख की बात करें तो भाजपा के नेतृत्व वाला एनडीए अपने मौजूदा 320 सांसदों के साथ दो-तिहाई बहुमत से करीब 40 सीट पीछे है। ऐसे में सरकार की नजर डीएमके, एनसीपी (एसपी) और वाईएसआर कांग्रेस पार्टी पर है। डीएमके के लोकसभा में 22 सांसद हैं। पार्टी ने संकेत दिए हैं कि अगर तमिलनाडु की मौजूदा हिस्सेदारी सुरक्षित रखने की सांविधानिक गारंटी मिलती है, तो वह विधेयक का समर्थन कर सकती है। एनसीपी (एसपी) के आठ सांसद हैं। 
विज्ञापन


वहीं, वाईएसआर कांग्रेस के चार सांसदों के समर्थन की भी उम्मीद जताई जा रही है। इसके अलावा तृणमूल कांग्रेस और शिवसेना (यूबीटी) से अलग हुए कुछ सांसदों तथा शिरोमणि अकाली दल के रुख पर भी नजर है। दूसरी ओर, कांग्रेस और समाजवादी पार्टी सरकार के प्रस्ताव का विरोध कर रही हैं। कांग्रेस का कहना है कि 2023 में पारित महिला आरक्षण कानून को परिसीमन से जोड़े बिना लागू किया जाना चाहिए। विपक्ष को आशंका है कि आबादी के आधार पर परिसीमन से दक्षिण भारतीय राज्यों की संसद में हिस्सेदारी प्रभावित हो सकती है।

यह भी पढ़ें: परिसीमन पर बीआरएस की शर्त: बोली- दक्षिण की 24% सीटें सुरक्षित रहें, 1971 जनगणना आधार हो, समर्थन देगी पार्टी?

बिल का समर्थन करने वालों को इतिहास कभी माफ नही करेगा: संजय सिंह
आम आदमी पार्टी ने परिसीमन विधेयक को लेकर मोदी सरकार पर निशाना साधा है। सांसद संजय सिंह ने कहा कि भारतीय झुठ्ठा पार्टी 'भाजपा जिताओ बिल' लेकर आई है। असम और जम्मू कश्मीर में परिसीमन के नाम पर भाजपा ने धोखा दिया। जो विपक्षी दल इस बिल का समर्थन करेगा उसको इतिहास कभी माफ नही करेगा। महिला आरक्षण बिल सर्वसम्मति से पास हो चुका है, मोदी जी की नियत साफ है तो कल से इसे लागू कर सकते हैं।
 
 
Trending Videos

इंडिया गठबंधन की बैठक में शामिल नहीं होंगी सुप्रिया सुले
इस बीच खबर आई है कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की कार्यकारी अध्यक्ष और सांसद सुप्रिया सुले इंडिया ब्लॉक की बैठक में शामिल नहीं होंगी। उन्होंने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी। सुले ने बताया कि उनके पिता और पार्टी अध्यक्ष शरद पवार की तबीयत ठीक नहीं है। वह अस्पताल में भर्ती हैं। ऐसे में वह इस सप्ताहांत मुंबई में ही रहेंगी। सुले ने यह भी स्पष्ट किया कि वह सोमवार सुबह दिल्ली पहुंचेंगी और संसद के विशेष सत्र में हिस्सा लेंगी।

शरद पवार की तबीयत खराब, अस्पताल में भर्ती
शरद पवार को गुरुवार को दक्षिण मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्हें शरीर में पानी की कमी (डिहाइड्रेशन) की शिकायत हुई थी। इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। फिलहाल उनके अस्पताल में भर्ती होने के कारण परिवार के सदस्य मुंबई में हैं। सुप्रिया सुले ने शुक्रवार को अपने व्हाट्सएप स्टेटस के जरिए बताया कि वह शनिवार को होने वाली INDIA गठबंधन की बैठक में शामिल नहीं हो पाएंगी। उन्होंने इसकी वजह अपने पिता की तबीयत बताई। सुले ने कहा कि वह सप्ताहांत में मुंबई में ही रहेंगी।

कब दिल्ली पहुंचेंगी सुप्रिया सुले?
सुप्रिया सुले ने दिल्ली आने के कार्यक्रम को लेकर भी स्थिति साफ कर दी है। उन्होंने अपने व्हाट्सएप स्टेटस में लिखा, 'मैं सोमवार सुबह सत्र में शामिल होने के लिए दिल्ली जाऊंगी।'
इसका मतलब है कि सुले शनिवार को विपक्षी गठबंधन की बैठक में शामिल नहीं होंगी, लेकिन सोमवार से शुरू होने वाले संसद के विशेष सत्र में मौजूद रहेंगी। वह फिलहाल अपने पिता शरद पवार के साथ मुंबई में रहेंगी।

एनसीपी (एसपी) ने सांसदों को जारी किया व्हिप
इस बीच, एनसीपी (एसपी) ने शुक्रवार को लोकसभा के अपने सांसदों के लिए व्हिप जारी किया है। पार्टी ने सभी सांसदों को 30 नवंबर से सदन में मौजूद रहने का निर्देश दिया है। यह निर्देश ऐसे समय आया है, जब परिसीमन विधेयक को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हैं। चर्चा है कि एनसीपी (एसपी) परिसीमन विधेयक पर भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार का समर्थन कर सकती है। हालांकि, पार्टी ने अभी तक इस बारे में अपना रुख स्पष्ट नहीं किया है।

परिसीमन विधेयक पर क्या है सुप्रिया सुले का रुख?
परिसीमन विधेयक को लेकर सुप्रिया सुले पहले ही अपनी बात रख चुकी हैं। उन्होंने कहा है कि अगर सरकार यह विधेयक लाती है, तो उनकी पार्टी पहले उसके मसौदे की जांच करेगी। इसके बाद ही पार्टी अपना रुख स्पष्ट करेगी। इससे साफ है कि पार्टी ने फिलहाल विधेयक के समर्थन या विरोध को लेकर कोई अंतिम फैसला सार्वजनिक नहीं किया है। वह विधेयक के मसौदे को देखने के बाद ही इस पर अपना पक्ष रखेगी।

परिसीमन विधेयक को लेकर अभी क्या है स्थिति?
  • एनसीपी (एसपी) ने अपने लोकसभा सांसदों को 30 नवंबर से सदन में मौजूद रहने का व्हिप जारी किया है।
  • पार्टी के समर्थन की अटकलों के बीच सुप्रिया सुले ने कहा है कि पहले विधेयक का मसौदा देखा जाएगा।
  • मसौदे की जांच के बाद ही पार्टी परिसीमन विधेयक पर अपना रुख स्पष्ट करेगी।

'लोकतंत्र के लिए त्रासदी'; संसद के विशेष सत्र और परिसीमन पर भड़के शशि थरूर
संसद के आगामी विशेष सत्र और महिला आरक्षण को परिसीमन से जोड़ने के केंद्र सरकार के कदम पर कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कड़ा विरोध जताते हुए कहा है कि उनकी पार्टी महिला आरक्षण के पूरी तरह पक्ष में है और इसे तुरंत लागू करना चाहती थी, लेकिन इसे परिसीमन से जोड़ना और लोकसभा की सीटें बढ़ाकर 850 करना लोकतंत्र के लिए एक बड़ी त्रासदी है। 

थरूर ने आरोप लगाया कि सरकार राज्यों के मुख्यमंत्रियों और जनता से बिना किसी व्यापक राष्ट्रीय विमर्श के यह बदलाव थोप रही है, जिससे दक्षिण के छोटे राज्यों के राजनीतिक प्रतिनिधित्व पर असर पड़ेगा। उन्होंने तर्क दिया कि संसद के सत्रों के दिन लगातार कम होकर 70 और अब 50 दिनों तक सिमट रहे हैं, ऐसे में 850 सांसदों वाले सदन में अधिकांश सदस्यों को बोलने या अपने क्षेत्र के मुद्दे उठाने का मौका ही नहीं मिलेगा और संसद केवल ताली बजाने वाला मंच बनकर रह जाएगी। गृह मंत्री अमित शाह के जनसंख्या वृद्धि वाले तर्क को खारिज करते हुए थरूर ने अमेरिका का उदाहरण दिया, जहाँ 1929 से प्रतिनिधि सभा की सीटें 435 पर स्थिर हैं, और सुझाव दिया कि मतदाताओं की बेहतर सेवा के लिए सांसदों की संख्या बढ़ाने के बजाय राज्यों की विधानसभाओं में विधायकों की संख्या बढ़ाई जानी चाहिए।

सीटों में 50% बढ़ोतरी से दक्षिण भारत को बड़ी राहत, पीएम मोदी की ऐतिहासिक पहल का समर्थन: चंद्रबाबू नायडू
नई दिल्ली पहुंचे आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने महिला आरक्षण और सभी राज्यों की सीटों में 50 प्रतिशत बढ़ोतरी करने की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल को 'सबका साथ, सबका विकास' का प्रतीक बताते हुए इसका जोरदार स्वागत किया है। नायडू ने कहा कि तीन दशकों से लंबित महिला आरक्षण अब आकार ले रहा है, जिससे देश में नई उम्मीद जगी है।

उन्होंने बताया कि शुरुआती दौर में परिवार नियोजन अपनाने के कारण आंध्र प्रदेश की प्रजनन दर घटकर 1.6 पर आ गई है, जो सामान्य 2.1 के स्तर से काफी कम है और यही स्थिति पूरे दक्षिण भारत की है। इसके चलते परिसीमन को लेकर दक्षिणी राज्यों में सीटों के कम होने का बड़ा डर था, जिसे दूर करने के लिए उन्होंने बड़े परिवारों और अधिक बच्चों को प्रोत्साहित करने की नीति भी शुरू की है। ऐसे में केंद्र सरकार द्वारा सभी राज्यों की सीटों में 50 प्रतिशत वृद्धि करने के फैसले ने दक्षिण भारत के सभी राज्यों को बड़ी राहत दी है।

विज्ञापन

महिला आरक्षण को परिसीमन से जोड़ना गलत: अबू आजमी
संसद के 30 नवंबर से शुरू हो रहे विशेष सत्र में परिसीमन विधेयक और महिला आरक्षण को लेकर स्थिति साफ होने की संभावना है, लेकिन इससे पहले ही विपक्षी दलों ने इसके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। समाचार एजेंसी आईएएनएस के अनुसार, समाजवादी पार्टी के नेता अबू आजमी ने आरोप लगाया कि सरकार पहले से पास हो चुके महिला आरक्षण बिल की आड़ में परिसीमन बिल लाकर ऐसा माहौल बनाना चाहती है जिससे अन्य दल खत्म हो जाएं और केवल एक ही पार्टी का शासन रहे। वहीं, एनसीपी-एसपी के प्रवक्ता नसीम सिद्दीकी ने कहा कि इंडिया गठबंधन 33 प्रतिशत महिला आरक्षण के पक्ष में है, लेकिन इसे परिसीमन से जोड़ना गलत है। सपा के अन्य नेताओं एसटी हसन और रामजी लाल सुमन ने भी कहा कि बिना आम सहमति के परिसीमन करना और विपक्ष के वोटों को बांटना लोकतंत्र के लिए चिंताजनक है, इसलिए वे इस बिल का पुरजोर विरोध करेंगे।

प्रस्तावित परिसीमन से कर्नाटक की राजनीतिक ताकत घटने की आशंका, सिद्धारमैया ने की सर्वदलीय बैठक की मांग
कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता सिद्धारमैया ने लोकसभा सीटों में 50 प्रतिशत की प्रस्तावित वृद्धि पर सवाल उठाते हुए कहा है कि इससे कर्नाटक और अन्य राज्यों की राजनीतिक आवाज कमजोर हो सकती है। आईएएनएस की रिपोर्ट के मुताबिक, सिद्धारमैया ने बताया कि नए प्रस्ताव के तहत कर्नाटक की सीटें 28 से बढ़कर 42 होंगी, जबकि उत्तर प्रदेश की सीटें 80 से बढ़कर 120 हो जाएंगी, जिससे दोनों राज्यों के बीच सीटों का अंतर बढ़कर 78 हो जाएगा। उन्होंने केंद्र सरकार से महिला आरक्षण को संसद के विस्तार या परिसीमन से जोड़े बिना मौजूदा सीटों की संख्या में ही लागू करने की मांग की है। इसके साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस मुद्दे पर सर्वदलीय बैठक बुलाने, विस्तार के पीछे का तर्क सार्वजनिक करने और कर्नाटक के भाजपा सांसदों से दलगत राजनीति से ऊपर उठकर राज्य के हित में इसका विरोध करने की अपील की है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें