पाकिस्तान मूल की सुप्रसिद्ध गायिका और अभिनेत्री सलमा आगा को भारत ने आजीवन वीजा देने की घोषणा की है। इस फैसले के बाद सलमा को कभी भी भारत आने जाने की छूट मिल जाएगी।
गृह मंत्रालय के सूत्रों के मुताबिक भारत सरकार ने उन्हें आजीवन वीजा देने का फैसला किया है। वहीं सरकार के इस फैसले से सलमा भी काफी खुश हैं। गौरतलब है कि सलमा आगा ने 1980-90 की दशक में कई बॉलीवुड फिल्मों में बेहतरीन गाने गाए थे और अपने अभिनय से लोगों का दिल जीत लिया था।
उन्होंने 1982 में निकाह फिल्म में निलोफर का किरदार निभाया था साथ ही प्ले-बैक गाना भी गया था जिसके लिए उन्हें बेहतरीन प्लेबैक गायिका का फिल्मफेयर अवॉर्ड भी मिला था। इतना ही नहीं उन्हें इसी फिल्म के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री की श्रेणी में भी नामांकित किया गया था।