पाकिस्तान के पीएमएल-एन सांसद अयाज सादिक ने खुलासा करते हुए बताया कि जब अभिनंदन पाकिस्तान की कैद में था तब विदेश मंत्री कुरैशी के पैर कांप रहे थे, उन्हें पसीना आ रहा था। इस बैठक में कुरैशी ने कहा था कि अल्लाह के वास्ते इसको (अभिनंदन) वापस जाने दो, क्योंकि रात 9 बजे हिंदुस्तान, पाकिस्तान पर हमला कर देगा।
भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन अभिनंदन वर्धमान को उनकी वीरता के लिए वीर चक्र से नवाजा गया है। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने उन्हें सम्मानित किया है। अभिनंदन को यह सम्मान इसलिए दिया गया क्योंकि उन्होंने बालाकोट एयरस्ट्राइक के बाद जांबाजी दिखाते हुए पाकिस्तानी एफ-16 फाइटर जेट को अपने मिग-21 बाइसन लड़ाकू विमान से मार गिराया था। हालांकि बाद में अभिनंदन का विमान पाकिस्तान की सीमा में क्रैश हो गया, जिसके बाद पाकिस्तानी सेना ने उन्हें अपनी गिरफ्त में ले लिया था। भारत के दबाव में पाकिस्तान ने करीब 60 घंटे बाद अभिनंदन को छोड़ा था। छोड़ने के बाद पूरे देश में खुशी की लहर दौड़ गई थी। आइए बताते हैं जब अभिनंदन को 60 घंटे के लिए पाकिस्तान ने अपने गिरफ्त में लिया था तब उस दौरान क्या सब हुआ...
विज्ञापन
दरअसल, पाकिस्तान के पीएमएल-एन सांसद अयाज सादिक ने संसद में पिछले साल अक्तूबर में खुलासा किया था कि विदेश मंत्री एसएम कुरैशी ने पीपीपी, पीएमएल-एन और सेना प्रमुख जनरल कमर जावेद बाजवा सहित संसदीय नेताओं के साथ एक बैठक में अभिनंदन को मुक्त करने के लिए कहा था। उस वक्त विपक्ष ने अभिनंदन समेत तमाम मुद्दों पर सरकार का साथ देने का वादा किया था। अयाज सादिक ने खुलासा करते हुए बताया था कि विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी ने इस महत्वपूर्ण बैठक में चर्चा कर रहे थे कि अगर पाकिस्तान ने अभिनंदन को नहीं छोड़ा तो भारत पाकिस्तान पर रात नौ बजे तक हमला कर रहा है।
उन्होंने कहा था कि मुझे बखूबी याद है कि एमएम कुरैशी उस बैठक में थे जिसमें पीएम इमरान खान ने भाग लेने से इनकार कर दिया था। कुरैशी के पैर कांप रहे थे, उन्हें पसीना आ रहा था। इस बैठक में विदेश मंत्री कुरैशी ने कहा था कि अल्लाह के वास्ते इसको (अभिनंदन) वापस जाने दो, क्योंकि रात 9 बजे हिंदुस्तान, पाकिस्तान पर हमला कर देगा। साथ ही अयाज ने कहा कि हिंदुस्तान हमला नहीं करने वाला था। सरकार को सिर्फ घुटने टेककर अभिनंदन को वापस भेजना था, जो उन्होंने किया।
विज्ञापन
फरवरी 2019 की रात में भारत ने बालाकोट में आतंकी कैंप पर एयर स्ट्राइक किया था
बता दें कि पिछले साल 26-27 फरवरी 2019 की रात में भारत ने बालाकोट में आतंकी कैंप पर स्ट्राइक किया जिसके बाद बौखलाए पाकिस्तान ने अपने फाइटर जेट भारत में हमले के लिए भेजे थे। इसके जवाब में विंग कमांडर अभिनंदन ने मिग-21 लेकर उड़ान भरी थी।
विंग कमांडर अभिनंदन ने पाकिस्तान के एफ-16 विमान को मार गिराया था। इस दौरान वह विमान का पीछा करते हुए सीमा पार चले गए थे और उन्हें पकड़ लिया गया था। पूछताछ के दौरान पाक आर्मी ने उन्हें चाय पीने को दी थी और इसका विडियो शेयर कर दिखाने की कोशिश की थी कि अभिनंदन की किस तरह खातिरदारी की जा रही है। भारत के सख्त रुख ने पाकिस्तान को अभिनंदन वर्तमान को सही सलामत भारत भेजने पर मजबूर कर दिया था। एक मार्च को वह अटारी-वाघा बॉर्डर से भारत वापस आए थे।