पाकिस्तान ने अपने स्वतंत्रता दिवस की शुरुआत पुंछ में सीजफायर के उल्लंघन के साथ की। साथ ही पाकिस्तान की ओर से एक विवादित बयान भी सामने आया, तो वहीं बाघा बार्डर पर आजादी के जश्न के लिए मिठाइयां भी बांटी गईं।
ऐसे में पाकिस्तान के इस चेहरे ने भारत में फिर माहौल गरमा दिया। स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पहले पाकिस्तान ने पुंछ सेक्टर में सीजफायर का उल्लंघन करते हुए भारी गोलाबारी की है। जानकारी के मुताबिक, जम्मू के पुंछ सेक्टर में रविवार सुबह से गोलाबारी हो रही है।
केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह के पीओके में झंडा फहराने के बयान के बाद पाकिस्तान की ओर से यह प्रतिक्रिया आई है। पाकिस्तानी फौज पुंछ जिले के शाहपुर कांदी एरिया से लगी एलओसी पर छोटे और ऑटोमेटिक हथियारों से फ़ायरिंग कर रही है।
पाकिस्तान की ओर से मोर्टार भी दागे गए
- फोटो : pti
पाकिस्तान की ओर से मोर्टार भी दागे गए हैं। भारतीय सेना की ओर से भी इसका माकूल जवाब दिया जा रहा है। अभी तक इस फायरिंग में एक व्यक्ति के घायल होने की खबर है। हालांकि प्रशासन की ओर से इसकी अभी तक पुष्टि नहीं की गई है।
आपको बताते चलें कि अप्रैल माह से एलओसी पर शांति बनी हुई थी। हालांकि मई के महीने में आतंकियों को भारतीय सीमा में दाखिल करवाने के लिए पाकिस्तान की ओर से कुछ एक राउंड की फायरिंग की गई थी जिसका भारतीय सेना ने कोई जबाव नहीं दिया था।
पाकिस्तान ने कब-कब दिखाया असली चेहरा
- फोटो : abcnewspoint.com
प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल मनीष का कहना है कि हमारी सेना ने सीजफायर के उल्लंघन का जवाब दिया है और अभी तक किसी के भी हताहत होने की खबर नहीं है। फायरिंग अभी भी जारी है।
पाकिस्तान के द्वारा 31 जुलाई के बाद 30 बार सीजफायर का उल्लंघन हुआ है। पिछले साल इस तरह की फायरिंग में 16 नागरिकों की जान चली गई, जबकि 71 घायल हो गए। पूरे साल में क्रॉस बॉर्डर फायरिंग के 405 मामले सामने आए।
अधिकारियों के मुताबिक इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय सीमा पर 253 मामले सीजफायर के उल्लंघन के थे, जिसमें से एलओसी के पास 152 घटनाओं की सूचना मिली।
बाघा बॉर्डर पर बांटी मिठाईयां
- फोटो : डेमो फोटो
पिछले साल भारत ने सालों से चली आ रही परम्परा को भी खत्म कर दिया था। बॉर्डर पर स्वतंत्रता दिवस पर मिठाइयों का आदान-प्रदान नहीं हुआ था।
ये पाकिस्तान के बार-बार सीजफायर उल्लंघन का परिणाम था। बीएसएफ अधिकारी के मुताबिक सीमा पर किसी भी प्रकार के नरम रवैए को अपनाने से भी मना किया गया था। वहीं इस बार पाकिस्तान ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर बाघा बॉर्डर पर मिठाइयां बांटी।
27 जुलाई 2015 को दीनानगर में पाकिस्तान की तरफ से किए गए आतंकी हमले में 10 लोग मारे गए थे। वहीं 5 अगस्त को उधमपुर में हुए आतंकी हमले में दो बीएसएफ जवान भी शहीद हुए थे।
बासित के बहाने पाक की मंशा
अब्दुल बासित
- फोटो : ANI
आजादी का जश्न मनाते हुए पाकिस्तान हाई कमिश्नर अब्दुल बासित ने कहा है कि इस साल की जश्न-ए-आजादी हम कश्मीर की आजादी के नाम करते हैं। बासित ने ये भी कहा कि पाकिस्तान हमेशा से भारत के साथ रिश्ते सुधारने की कोशिश करता रहा है।
अब्दुल बासित का ये बयान सुषमा स्वराज के उस दो टूक जवाब के बाद आया है जिसमें उन्होंने कहा था कि आतंकवाद के प्रायोजकों के साथ कश्मीर के मुद्दे पर कोई बातचीत नहीं होगी।
आपको बता दें कि नवाज शरीफ के सलाहकार सरताज अजीज ने बयान दिया था कि जम्मू-कश्मीर के विवाद पर बातचीत के लिए वो भारत को आमंत्रित करेंगे।