शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के पहले सभ्यता संवाद मंच में पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मसूद मलिक शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में वैश्विक राजनीति तेजी से बदल रही है। ऐसे में सबसे आसान रास्ता उन मुद्दों पर बात करना है, जो सभी को प्रभावित करते हैं।
उन्होंने कहा, हमें संस्कृति और सभ्यताओं पर बात करनी चाहिए। यह भी समझना चाहिए कि इन सभ्यताओं ने हम सभी को किस तरह प्रभावित किया है।
उन्होंने कहा, यह बहुत स्वागत योग्य कदम है। मैं एससीओ का बहुत आभारी हूं कि वह ऐसे मंच आयोजित कर रहा है। ये मंच क्षेत्र के सभी देशों को एक साथ आने का मौका देते हैं। यहां ऐसे विचारों पर बात हो सकती है, जो सीमाओं से आगे जाते हैं।
सीमा पार आतंकवाद पर क्या बोले?
पाकिस्तानी मंत्री से भारत की सीमा पार आतंकवाद को लेकर चिंता के बारे में सवाल किया गया। इस पर उन्होंने कहा, 'मुझे लगता है कि कल जब मैं अपना बयान दूंगा, तब इस पर काफी बातचीत होगी'।
भारत और पाकिस्तान के बीच सभ्यताओं के पुराने संबंधों को लेकर भी उनसे सवाल पूछा गया। इस पर मलिक ने कहा, 'मुझे लगता है कि संवाद अलग-अलग पक्षों के बीच होता है। जहां सब एक जैसे हों, वहां संवाद की जरूरत नहीं होती। वहां सिर्फ एकतरफा बात होती है। संवाद विविधता के बारे में होता है'।
ये भी पढ़ें:
ईडी के रडार पर भाजपा सांसद: निवेशकों से करोड़ों की धोखाधड़ी से जुड़े मामले में भेजा समन; 25 नवंबर को पूछताछ
उन्होंने कहा, 'भारत, पाकिस्तान, रूस, चीन और मध्य एशियाई देशों के बीच अगर आप खुदाई में मिले पुराने अवशेषों को देखेंगे, तो आपको वहां भी संवाद के प्रमाण मिलेंगे। मुझे लगता है कि यह बहुत अच्छी और स्वागत योग्य पहल है'।
क्या भारत-पाकिस्तान संबंध सुधरेंगे?
पाकिस्तानी मंत्री से पूछा गया कि क्या पहले एससीओ सभ्यता संवाद मंच के बाद भारत और पाकिस्तान के संबंधों में सुधार होगा? इस पर उन्होंने कहा, 'मुझे लगता है कि हमारे सभी देशों के संबंध बेहतर होंगे। जैसा कि आप जानते हैं, इस क्षेत्र में तेजी से बदलाव हो रहे हैं। वैश्विक राजनीति की बुनियाद बहुत तेजी से बदल रही है'।
उन्होंने आगे कहा, 'मुझे पूरी उम्मीद है कि हम बड़े नजरिये से चीजों को देखेंगे। इस नजरिये में हम सभी राजनीतिक मुद्दों पर बात करेंगे। सभी सामाजिक मुद्दों पर भी चर्चा करेंगे। बातचीत से जुड़े हर मुद्दे को देखेंगे। साथ ही पूरे क्षेत्र के एजेंडे को आगे बढ़ाएंगे'।