पाकिस्तान में गिरफ्तार किए गए कुलभूषण जाधव को स्वदेश वापस भेजने के मामले में पाकिस्तान ने पलटी मार ली है। ठोस सबूत न होने की बात कहकर कुलभूषण को स्वदेश वापस छोड़ने की बात पर अब पाकिस्तान का कहना है कि उसके पास जाधव के खिलाफ पुख्ता सबूत हैं और पाकिस्तान में ही उस पर मुकदमा चलेगा।
इस बात की जानकारी पाकिस्तान के विदेशी मामलों के सलाहकार सरताज अजीज ने उच्च सदन सीनेट में दी। उन्होंने कहा कि जाधव पर एफआईआर दर्ज हो चुका है और पाकिस्तान उसे छोड़ने पर कोई विचार नहीं कर रहा।
पाकिस्तानी अखबार 'द डॉन' के अनुसार सीनेट में प्रश्नकाल के दौरान एक प्रश्न के जवाब में अजीज ने कहा कि हमने कभी नहीं कहा कि हमारे पास जाधव के खिलाफ सबूतों की कोई कमी है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान में आतंकवादी गतिविधियों के अपराध में जाधव के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच चल रही है।
अजीज ने आगे कहा कि पाकिस्तान में आतंकवादी घटनाओं में भारत की भागीदारी और पाकिस्तान के आतंरिक मामलों में दखलंदाजी का सबूत भी संयुक्त राष्ट्र महासचिव को सौंप दिया है। साथ ही इसे दूसरे देशों के साथ भी साझा करने पर विचार किया जा रहा है।
भारत ने इस मामले पर पहले भी कहा है कि कुलभूषण जाधव नेवी के रिटायर्ड ऑफिसर हैं और अब उनका भारत सरकार से कोई संबंध नहीं है। और अगर पाकिस्तान जाधव के खिलाफ सबूतों की बात कर रहा है तो उसे भारत के सामने पेश क्यों नहीं करता।