भारतीय सेना के एलओसी पार किए गए सर्जिकल स्ट्राइक के बाद पाकिस्तान सरकार और पाकिस्तानी सेना में अनबन की खबरें आ रही हैं। इस बीच पाकिस्तानी सेना प्रमुख राहील शरीफ ने अपने टॉप कमांडरों के साथ बैठक कर देश के सैन्य और असैन्य नेतृत्व के बीच तनाव की खबर लीक करने का आरोप नवाज शरीफ की सरकार पर लगाया।
अंग्रेजी अखबार टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के मुताबिक, सेना प्रमुख जनरल राहील शरीफ की अध्यक्षता में रावलपिंडी जनरल हेडक्वार्टर्स में हुई बैठक के बाद सेना ने कहा कि प्रधानमंत्री के घर पर हुई बैठक के बाद प्रतिभागियों ने फर्जी और मनगढ़ंत खबर दी। यह चिंता का विषय है। उन्होंने इसे राष्ट्रीय सुरक्षा का उल्लंघन माना।
सेना के इस बयान का मतलब निकाला जा रहा है कि पाकिस्तानी सेना, प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की अध्यक्षता में हुई इस अहम बैठक की खबर को डॉन को लीक करने के लिए सीधे तौर पर सरकार को जिम्मेदार मानती है।