पाकिस्तान सैन्य अकादमी में किसी भी देश का नाम लिए बिना 61 वर्षीय सेना प्रमुख बाजवा ने क्षेत्रीय शांति और सभी द्विपक्षीय मुद्दों को शांतिपूर्ण ढंग से हल करने के लिए एक तंत्र विकसित करने की आवश्यकता पर बल दिया।
पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल कमर जावेद बाजवा ने शनिवार को चेतावनी देते हुए कहा कि यथास्थिति में बदलाव की कीमत हम सभी के लिए विनाशकारी होगी। उन्होंने क्षेत्रीय शांति की जरूरत और देशों के बीच सभी द्विपक्षीय मुद्दों को शांतिपूर्ण तरीके से हल करने के लिए एक तंत्र विकसित करने पर जोर दिया।
विज्ञापन
पाकिस्तान सैन्य अकादमी में किसी भी देश का नाम लिए बिना 61 वर्षीय पाकिस्तानी सेना प्रमुख ने कहा कि एक-दूसरे से लड़ने की जगह हम सभी को सामूहिक रूप से भूख, गरीबी, अशिक्षा, जनसंख्या विस्फोट, जलवायु परिवर्तन और बीमारी से लड़ना चाहिए। बाजवा ने कहा कि शांति बनाए रखने के लिए हमने अपने पड़ोसियों और क्षेत्रीय देशों के साथ अच्छे संबंध विकसित करने के प्रयास किए हैं। दक्षिण एशिया के लोग बाकी दुनिया की तरह समृद्धि और बेहतर जीवन जीने के हकदार हैं।
2019 में बढ़ाया गया था बाजवा का कार्यकाल
समाचार एजेंसी पीटीआई ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि पाकिस्तान सैन्य अकादमी में दिया गया बाजवा का यह संबोधन आखिरी हो सकता है। क्योंकि वह नवंबर के अंत तक सेवानिवृत्त होने वाले हैं। लगभग 42 वर्षों से वर्दी में हैं। नवंबर 2016 में तीन साल के कार्यकाल के लिए बाजवा सेना प्रमुख बने थे। 2019 में उनका कार्यकाल एक बार फिर बढ़ाया गया था।
विज्ञापन
रिटायर्ड होने के बाद राजनीति से रहेंगे दूर
पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल कमर जावेद बाजवा ने देश को आश्वासन दिया है कि सशस्त्र बलों ने खुद को राजनीति से दूर कर लिया है और वो भी खुद इससे दूर रहेंगे। उनका यह बयान अमेरिका दौरे के दौरान वाशिंगटन में पाकिस्तान दूतावास में आयोजित कार्यक्रम के दौरान आया। बाजवा ने उस दौरान इस बात पर भी जोर दिया कि देश की दुर्बल अर्थव्यवस्था को पुनर्जीवित करना सभी की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए क्योंकि राष्ट्र एक मजबूत अर्थव्यवस्था के बिना अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने में सक्षम नहीं होगा।