पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल कमर जावेद बाजवा
- फोटो : सोशल मीडिया
पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल कमर जावेद बाजवा ने अमेरिकी रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जैकब सुलिवन और अन्य शीर्ष अधिकारियों से मुलाकात की। विभिन्न क्षेत्रों में आपसी हित, क्षेत्रीय सुरक्षा और द्विपक्षीय सहयोग के मामलों पर इनके बीच चर्चा हुई।
पेंटागन ने मंगलवार को कहा कि लंबे समय से चली आ रही साझेदारी आज भी जारी है। जिसमें प्रमुख पारस्परिक रक्षा हितों को संबोधित करने के अवसरों पर चर्चा की गई है। ऑस्टिन ने संयुक्त राज्य अमेरिका और पाकिस्तान के बीच संबंधों की 75 वीं वर्षगांठ के दौरान पेंटागन में जनरल बाजवा की मेजबानी की। पाकिस्तानी मीडिया के मुताबिक, मंगलवार को बैठक के दौरान नेताओं ने आपसी हित, क्षेत्रीय सुरक्षा और विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग के मामलों पर चर्चा की। बाजवा ने उप विदेश मंत्री वेंडी शेरमेन से भी मुलाकात की। सेना प्रमुख ने अमेरिकी अधिकारियों को उनके समर्थन के लिए धन्यवाद दिया और दोहराया कि पाकिस्तान में बाढ़ पीड़ितों के बचाव और पुनर्वास के लिए हमारे वैश्विक भागीदारों से सहायता महत्वपूर्ण होगी। पाकिस्तान में बाढ़ से 1,600 से अधिक लोग मारे गए हैं और 33 मिलियन से अधिक लोग विस्थापित हुए हैं। बाढ़ से देश का एक तिहाई हिस्सा पानी में डूब गया है और करीब 30 अरब अमेरिकी डॉलर का नुकसान होने का अनुमान है। दोनों पक्षों ने नोट किया कि पाकिस्तान और अमेरिका के बीच द्विपक्षीय सहयोग का एक लंबा इतिहास रहा है और दोनों देश अपने आर्थिक, व्यापार और निवेश संबंधों में सुधार जारी रखेंगे।
पाकिस्तान को 2.3-2.5 अरब डॉलर की मदद देगा एडीबी
एशियाई विकास बैंक (एडीबी) बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित पाकिस्तान को राहत कार्यों के लिए 2.3 से 2.5 अरब डॉलर देने की घोषणा की है। वित्त मंत्री इशाक डार और एडीबी के क्षेत्रीय निदेशक यॉन्ग यी के बीच हुई बैठक के दौरान यह घोषणा की गई।
नए सेना प्रमुख की नियुक्ति अगले महीने
इस बीच पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने कहा कि आम चुनाव 2023 में तय कार्यक्रम के अनुसार होंगे, जबकि नए सेना प्रमुख की नियुक्ति अगले महीने कानून और संविधान के अनुसार की जाएगी। नवंबर के अंत तक मौजूदा जनरल कमर जावेद बाजवा की सेवानिवृत्ति से पहले प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ नए सेना प्रमुख को चुनने के लिए तैयार हैं।