भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज की शुरुआत गुरुवार से होने जा रही है। इसकी पूर्व संध्या पर कप्तान शिखर धवन ने मीडिया से बातचीत की। धवन का कहना है कि टीम में कई नए चेहरे शामिल किए गए हैं, जो टीम इंडिया में जगह बनाने के लिए अपनी दावेदारी पेश कर सकते हैं, जहां तक मेरा सवाल है तो मैं अपने करियर से पूरी तरह संतुष्ट हूं। बस अगले साल भारत के लिए विश्वकप खेल सकूं, इसी पर पूरा फोकस रहेगा।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज को अहम बताते हुए उन्होंने कहा- इसमें कोई शक नहीं कि दक्षिण अफ्रीका की टीम शानदार है, लेकिन हमारी टीम में तमाम ऐसे खिलाड़ी है तो मैच का रुख पटलने की क्षमता रखते हैं। पिछले दो दिनों तक खिलाड़ियों ने कड़ी ट्रेनिंग भी की है। उम्मीद है कि सीरीज रोमांचक रहेगी।
अपनी कप्तानी के बाबत शिखर ने कहा- बतौर कप्तान मेरी कोशिश होगी कि खिलाड़ियों को एक टीम बनाकर आगे बढ़ सकूूं। टीम में शामिल कई खिलाड़ियों से मेरा अच्छा तालमेल है। सीरीज में हम सर्वश्रेष्ठ देने का प्रयास करेंगे। लखनऊ के इकाना स्टेडियम को शानदार बताते हुए उन्होंने कहा, यह देश के बेहतरीन स्टेडियमों में शुमार है। खासतौर पर यहां का ड्रेसिंग रूम खूबसूरत होने के साथ बहुत बड़ा है। यहां आकर खेलना हमेशा ही अच्छा लगता है।