बंगलूरू में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की पहली आईपीएल जीत का जश्न बुधवार को उस समय मातम में बदल गया, जब एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम के पास भारी भीड़ के कारण भगदड़ मच गई। इस दर्दनाक हादसे में कई लोगों की मौत हो गई और कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने आगे कहा, 'विजय समारोह के दौरान एक बड़ी त्रासदी हुई। सरकार ने मृतकों के लिए 10 लाख रुपये के मुआवजे की घोषणा की है। सरकार घायलों को मुफ्त इलाज मुहैया कराएगी।'
कुंभ में हुए हादसे से की बंगलूरू भगदड़ की तुलना
इस दौरान मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने कहा, 'ऐसी घटनाएं कई जगहों पर हुईं; मैं उनकी तुलना करके और यह कहकर इसका बचाव नहीं करने जा रहा हूं कि यह यहां-वहां हुआ... कुंभ मेले में 50-60 लोग मारे गए। मैंने आलोचना नहीं की। अगर कांग्रेस आलोचना करती है, तो वह अलग बात है। क्या मैंने या कर्नाटक सरकार ने आलोचना की?'
इस तरह की अनहोनी की आशंका थी- सिद्धारमैया
मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने मृतकों की आत्मा की शांति की प्रार्थना की और घायलों के जल्द ठीक होने की कामना की। उन्होंने शोक-संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि 'आरसीबी टीम को पहले से ही विजय जुलूस की अनुमति नहीं दी गई थी, क्योंकि इस तरह की अनहोनी की आशंका थी। इसके बावजूद, स्टेडियम के पास बड़ी भीड़ इकट्ठा हो गई और भगदड़ हो गई।' सिद्धारमैया ने लोगों से अपील की कि 'जिंदगी, किसी भी प्यार या उत्साह से ज्यादा कीमती है। कृपया सुरक्षा को पहली प्राथमिकता दें।'
यह भी पढ़ें -
Bengaluru Stampede: RCB के जश्न के दौरान बंगलूरू में भगदड़; 11 की मौत 33 घायल, PM मोदी और राहुल ने जताया दुख
मल्लिकार्जुन खरगे ने हादसे पर जताया शोक
वहीं कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी इस हादसे पर शोक जताते हुए अधिकारियों से भविष्य में ऐसी घटनाएं रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की। खरगे ने कहा कि कांग्रेस पार्टी बंगलूरू के लोगों के साथ खड़ी है और सरकार द्वारा राहत और मदद कार्यों में पूरा सहयोग देगी।
भीड़ ने गेट तोड़े- डीके शिवकुमार
वहीं इस हादसे पर कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने कहा कि भीड़ ने गेट तोड़ दिए और चिन्नास्वामी स्टेडियम के पास भगदड़ जैसी स्थिति हो गई, जहां बड़ी संख्या में लोग आरसीबी की जीत के जश्न में भाग लेने के लिए उमड़े थे। शिवकुमार ने कहा, 'मैंने पुलिस आयुक्त और अधिकारियों से बात की है...हम सभी से शांत रहने की अपील करते हैं।' उन्होंने कहा कि वह अस्पतालों का दौरा कर रहे हैं, जहां उपचार चल रहा है। मुख्यमंत्री, मंत्री और पुलिस अधिकारी पहले से ही दौरा कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें -
बंगलूरू भगदड़: कांग्रेस नेता राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे ने जताया दुख, कहा- मजबूत की जाए सुरक्षा व्यवस्था
उन्होंने कहा, 'वहां भारी भीड़ थी। हमने इसे हवाई अड्डे से ही देखा। इसलिए हमने जुलूस रद्द करने का फैसला किया और उन्हें (टीम को) एक बंद वाहन में लाया। कम से कम विधान सौधा से जुलूस के लिए अनुरोध किया गया था। चूंकि बारिश हो रही थी, इसलिए भीड़ अनियंत्रित हो गई, इसलिए हमने उस जुलूस को भी रद्द कर दिया। यहां (स्टेडियम में) भी जुलूस की व्यवस्था थी - एक घंटे का कार्यक्रम। हमने इसे 10-15 मिनट में खत्म करने का निर्देश दिया और वही किया गया।'
RCB का जश्न - मातम में बदला
आरसीबी ने 18वें साल में बार पहली बार आईपीएल ट्रॉफी अपने नाम की थी, जिसे लेकर पूरे बंगलूरू में उत्साह का माहौल था। टीम के स्वागत के लिए हजारों लोग चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर जमा हो गए थे। लेकिन भीड़ नियंत्रण के अभाव और अचानक धक्का-मुक्की के चलते भगदड़ मच गई। इस भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो चुकी है और 33 घायल अस्पताल में भर्ती हैं।