पद्म भूषण - सुशील कुमार मोदी (मरणोपरांत)
बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और वरिष्ठ राजनेता सुशील कुमार मोदी (मरणोपरांत) को सार्वजनिक मामलों में उनके योगदान के लिए पद्म भूषण से सम्मानित किया गया। उनकी पत्नी जेसी जॉर्ज ने राष्ट्रपति के हाथों पुरस्कार ग्रहण किया है।
पद्म भूषण - डॉ. अर्कलगुड अनंतरमैया सूर्य प्रकाश
वरिष्ठ पत्रकार डॉ. अर्कलगुड अनंतरमैया सूर्य प्रकाश - जो लोकतंत्र और संसदीय मुद्दों पर लिखने के लिए जाने जाते हैं। उन्हें साहित्य और शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए उन्हें पद्म भूषण से सम्मानित किया गया है।
पद्मश्री - डॉ. पवन कुमार गोयनका
डॉ. पवन कुमार गोयनका को पद्मश्री से सम्मानित किया गया। ऑटोमोटिव से लेकर अंतरिक्ष तक के क्षेत्रों में दशकों तक काम करने वाले उद्योग जगत के दिग्गज पवन कुमार गोयनका ने महिंद्रा को वैश्विक ब्रांड के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 71 हस्तियों को पद्म सम्मान से सम्मानित किया। दिग्गज अभिनेता शेखर कपूर, क्रिकेटर अश्विन, एशियन इंस्टीट्यूट ऑफ गैस्ट्रोएंटरोलॉजी एवं एआईजी हॉस्पिटल्स के अध्यक्ष डी नागेश्वर रेड्डी, वायलिन वादक लक्ष्मीनारायण सुब्रमण्यम और तेलुगु सुपरस्टार नंदमुरी बालकृष्ण उर्फ बलैया को पद्म पुरस्कार प्रदान किए गए। ओसामु सुजुकी (मरणोपरांत), सुब्रमण्यम, रेड्डी और मलयालम लेखक एवं फिल्म निर्देशक एम टी वासुदेवन नायर (मरणोपरांत) को पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया। जबकि 10 प्रतिष्ठित हस्तियों को पद्म भूषण से सम्मानित किया गया। इनमें पंकज उधास (मरणोपरांत), भाजपा नेता सुशील कुमार मोदी (मरणोपरांत), बालकृष्ण, शेखर कपूर, पूर्व हॉकी खिलाड़ी पीआर श्रीजेश, तमिल अभिनेता एस अजित कुमार, जाइडस लाइफसाइंसेज के चेयरपर्सन पंकज पटेल और भारतीय-अमेरिकी इंजीनियर विनोद धाम शामिल हैं।
आज के कार्यक्रम में 57 प्रमुख हस्तियों को पद्मश्री से सम्मानित किया गया। इनमें अरुंधति, उद्योगपति पवन कुमार गोयनका, वन्यजीव शोधकर्ता और मराठी लेखक मारुति भुजंगराव चितमपल्लीऔर कुशल कठपुतली कलाकार भीमाव्वा डोड्डाबलप्पा शिलेक्याथरा शामिल हैं। पूर्व एम्स और एसजीपीजीआई निदेशक एके महापात्रा और पंजाबी गायक जसपिंदर नरूला कौल को भी पद्मश्री प्रदान दिया गया। इस वर्ष पद्म पुरस्कार 30 गुमनाम नायकों को दिए गए। इनमें 100 वर्षीय लीबिया लोबो सरदेसाई भी शामिल हैं, जिन्होंने गोवा के स्वतंत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
पद्म भूषण - शेखर कपूर
प्रसिद्ध फिल्म निर्देशक शेखर कपूर को कला के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए उन्हें पद्म भूषण से सम्मानित किया गया है।
पद्म भूषण - अभिनेता नंदमुरी बालकृष्ण
आंध्र प्रदेश के निवासी तेलुगु अभिनेता और राजनीतिज्ञ नंदमुरी बालकृष्ण को पद्म भूषण से सम्मानित किया गया। पांच दशकों के करियर में उन्होंने भारतीय सिनेमा और सार्वजनिक जीवन पर अमिट छाप छोड़ी है।
पद्म भूषण - एस. अजित कुमार
तमिल फिल्मों के लोकप्रिय अभिनेता और रेसिंग ड्राइवर एस. अजित कुमार को कला के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए उन्हें पद्म भूषण से सम्मानित किया गया है।
पद्म भूषण - पंकज केशुभाई उधास (मरणोपरांत)
प्रतिष्ठित गजल गायक पंकज केशुभाई उधास, जिन्होंने 4 दशकों में 60 से अधिक एल्बम और 500 से अधिक गजलों का योगदान दिया। कला के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए उन्हें पद्म भूषण (मरणोपरांत) से सम्मानित किया गया है।
इस वर्ष 139 लोगों को पद्म पुरस्कार
वर्ष 2025 के लिए राष्ट्रपति ने युगल मामले सहित 139 पद्म पुरस्कार प्रदान करने की स्वीकृति दी है (युगल मामले में, पुरस्कार को एक माना जाता है)। इस सूची में 7 पद्म विभूषण, 19 पद्म भूषण और 113 पद्म श्री पुरस्कार शामिल हैं। पुरस्कार विजेताओं में से 23 महिलाएँ हैं और सूची में विदेशी/ एनआरआई/ पीआईओ/ ओसीआई श्रेणी के 10 व्यक्ति और 13 मरणोपरांत पुरस्कार विजेता भी शामिल हैं।
वहीं राष्ट्रपति की तरफ से खेल के क्षेत्र में दो लोगों को पद्म पुरस्कार दिया गया है। जिसमें भारतीय टीम के पूर्व हॉकी खिलाड़ी पीआर श्रीजेश को सोमवार को पद्म भूषण पुरस्कार से सम्मानित किया गया, जबकि भारतीय टीम के पूर्व स्पिनर रविचंद्रन अश्विन को पद्मश्री पुरस्कार दिया गया है।
पद्म भूषण - पी.आर. श्रीजेश
पी.आर. श्रीजेश हॉकी गोलकीपर हैं, वे दो बार ओलंपिक पदक, उत्कृष्ट प्रदर्शन और नेतृत्व के लिए सम्मानित किए जा चुके हैं। खेल के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए उन्हें पद्म भूषण से सम्मानित किया गया है।
पद्मश्री - रविचंद्रन आश्विन
जबकि भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व खिलाड़ी और स्पिन गेंदबाज रविचंद्रन आश्विन को खेल क्षेत्र में उनके योगदान के लिए पद्मश्री से सम्मानित किया। अश्विन ने पिछले साल ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लिया था। वह भारत के सफल स्पिनरों में शामिल हैं। अश्विन ने टेस्ट में भारत के दूसरे सबसे सफल गेंदबाज के तौर पर अपना करियर समाप्त किया। 106 टेस्ट मैचों में अश्विन ने 537 विकेट लिए हैं।
नागरिक अलंकरण समारोह-I इतने पुरस्कार दिए गए
गृह मंत्रालय की तरफ से साझा की गई जानकारी के मुताबिक, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आज राष्ट्रपति भवन के गणतंत्र मंडप में आयोजित नागरिक अलंकरण समारोह-I में वर्ष 2025 के लिए 4 पद्म विभूषण, 10 पद्म भूषण और 57 पद्म श्री पुरस्कार प्रदान किए हैं।