केंद्र में कांग्रेस के नेतृत्व वाली यूपीए सरकार में गृह मंत्री और वित्त मंत्री का पदभार संभालने वाले पी चिदंबरम को भ्रष्टाचार के मामले में सीबीआई ने बुधवार रात को दिल्ली से उनके जोर बाद स्थित सरकारी आवास से गिरफ्तार कर लिया। सीबीआई की टीम उन्हें एजेंसी के मुख्यालय लेकर आई है। यहां दिलचस्प बात यह है कि सीबीआई ने पूर्व केंद्रीय मंत्री को गिरफ्तार करके जिस इमारत में रखा हैं उसका उद्घाटन खुद चिदंबरम ने किया था।
पत्रकारों को संबोधित करते हुए चिदंबरम ने कहा, 'मेरा मानना है कि लोकतंत्र की नींव स्वतंत्रता है, संविधान का सबसे मूल्यवान अनुच्छेद, अनुच्छेद 21 है जो जीवन और स्वतंत्रता की गारंटी देता है। अगर मुझे जीवन और स्वतंत्रता के बीच चयन करने के लिए कहा जाएगा, तो मैं स्वतंत्रता को चुनूंगा। पिछले 24 घंटों में बहुत कुछ हुआ है, जिससे कुछ लोगों को चिंता हुई है और कई को भ्रम हुआ है। आईएनएक्स मीडिया मामले में, मुझ पर किसी भी अपराध का आरोप नहीं लगाया गया है और न ही मेरे परिवार के किसी अन्य सदस्य पर है। ईडी या सीबीआई द्वारा सक्षम अदालत के सामने कोई चार्जशीट दायर नहीं की गई है। मुझे फंसाया गया है।'