आईएनएक्स मीडिया मामले में गिरफ्तारी के खतरे का सामना कर रहे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी.चिदंबरम ने दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय में पत्रकार वार्ता की और खुद को निर्दोष बताया। लेकिन करीब दो घंटे चले ड्रामे के बाद आखिरकार सीबीआई टीम ने चिदंबरम को गिरफ्तार कर लिया। यहां से चिदंबरम को सीबीआई मुख्यालय ले जाया गया।
इससे पहले कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम, कपिल सिब्बल, सलमान खुर्शीद और विवेक तन्खा मौजूद रहे।
पत्रकारों को संबोधित करते हुए चिदंबरम ने कहा, "मेरा मानना है कि लोकतंत्र की नींव स्वतंत्रता है, संविधान का सबसे मूल्यवान अनुच्छेद, अनुच्छेद 21 है जो जीवन और स्वतंत्रता की गारंटी देता है। अगर मुझे जीवन और स्वतंत्रता के बीच चयन करने के लिए कहा जाएगा, तो मैं स्वतंत्रता को चुनूंगा।"
पी चिदंबरम ने कहा, "पिछले 24 घंटों में बहुत कुछ हुआ है, जिससे कुछ लोगों को चिंता हुई है और कई को भ्रम हुआ है। आईएनएक्स मीडिया मामले में, मुझ पर किसी भी अपराध का आरोप नहीं लगाया गया है और न ही मेरे परिवार के किसी अन्य सदस्य पर है। ईडी या सीबीआई द्वारा सक्षम अदालत के सामने कोई चार्जशीट दायर नहीं की गई है। मुझे फंसाया गया है।
चिदंबरम ने कहा, ‘‘आईएनएक्स मीडिया मामले में मैं किसी अपराध का आरोपी नहीं हूं। प्राथमिकी में भी यह नहीं कहा गया है कि मैंने कुछ गलत किया। इन सबके बावजूद ऐसी धारणा पैदा की जा रही है कि बड़ा अपराध हुआ है और मैं और मेरे बेटे ने अपराध किया है। सब झूठ फैलाया जा रहा है।‘‘
पी चिदंबरम ने कहा, "मैं इस बात से चौंक गया कि मुझ पर कानून से छिपने का आरोप लगाया जा रहा था, जबकि इसके उलट, मैं कानून की सुरक्षा की मांग कर रहा था। मेरे वकील बता रहे हैं कि शुक्रवार को मामलों को सूचीबद्ध किया जाएगा। मैं सुप्रीम कोर्ट के आदेशों को नमन करता हूं। मैं कानून का सम्मान करता हूं भले ही यह जांच एजेंसियों द्वारा असमानता से लागू किया गया हो।"
दीवार फांदकर घर में घुसी सीबीआई
इसके बाद वह जोरबाग स्थित घर पहुंच गए। उनके पीछे पीछे सीबीआई टीम भी उनके घर पहुंची और दीवार फांदकर अंदर पहुंची। यहां दो घंटे तक जमकर ड्रामा हुआ।
सीबीआई के पीछे ईडी की टीम भी दिल्ली पुलिस के साथ यहां पहुंची। घर के बाहर चिदंबरम समर्थकों ने हंगामा और नारेबाजी की। चिदंबरम के घर के बाहर सीबीआई की गाड़ी भी मौजूद थी। इस बीच ये सवाल बना रहा कि आखिर कौन सी टीम उन्हें हिरासत में लेगी।
इस बीच कार्ति चिदंबरम ने कहा कि एजेंसियों द्वारा किया जा रहा यह नाटक और तमाशा बस सनसनी पैदा करने और कुछ लोगों को आनंद की संतुष्ट के लिए है।
सीबीआई मुख्यालय ले जाया गया
सीबीआई के अधिकारी चिदंबरम को गाड़ी में बैठाकर पूछताळ के लिए ले गए। यहां से चिदंबरम को सीबीआई मुख्यालय ले जाया गया। अधिकारी ने बताया कि इस मामले में सीबीआई ने चिदंबरम को गिरफ्तार किया है।
मेडिकल पूरा, सुबह किए जाएंगे कोर्ट में पेश
ताजा जानकारी के अनुसार, राम मनोहर लोहिया अस्पताल से आए डॉक्टरों ने सीबीआई मुख्यालय पहुंचकर पी चिदंबरम का मेडिकल चेकअप किया। उन्हें सुबह सीबीआई के विशेष राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया जाएगा। ऐसे में आज की रात चिदंमबरम को सीबीआई के लॉकअप में ही गुजारनी पड़ेगी।
कार के सामने आए दो लोंगों को पुलिस ने हटाया
पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम को गिरफ्तार करने के बाद जब उन्हें सीबीआई मुख्यालय ले जाने के लिए कार में बैठाया गया तभी दो लोग उसके सामने आ गए। ऐसे में पुलिस को दोनों लोगों को बल प्रयोग कर हटाना पड़ा।
बेटे कार्ति चिदंबरम ने साधा बीजेपी पर निशाना
इधर, पी चिदंबरम की गिरफ्तारी के दौरान चेन्नई में मौजूद उनके बेटे कार्ति चिदंबरम ने कहा कि ईडी ने मुझे भी कई बार तलब किया है और मैं हर बार हाजिर हुआ हूं। हम अदालत जाएंगे, अंत में हम दोषमुक्त हो जाएंगे। उनसे पूछा गया कि ये सब कौन कर रहा है? इसके सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि हां, बेशक, ये सब बीजेपी कर रही है। और कौन? क्या आपको लगता है डोनाल्ड ट्रंप? नहीं।
यह पूरी तरह राजनीति से प्रेरित प्रतिशोध की कार्रवाई है: कार्ति चिदंबरम