ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तिहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि जो बेटा अपने बाप का नहीं हो सका, वो आपका क्या होगा। इसलिए उनके बहकावे में न आएं। वे बुधवार रात धौर्रामाफी बाईपास के पास शाहीन गार्डन के सामने बोरे वाले बाबा की पुलिया पर कोल विस के एआईएमआईएम प्रत्याशी परवेज अहमद के समर्थन में आयोजित जनसभा में बोल रहे थे।
उन्होंने बसपा-सपा व कांग्रेस पर जमकर भड़ास निकाली। कहा, सपा ने अपने घोषणा पत्र में 18 फीसदी मुस्लिम आरक्षण की बात कही थी, लेकिन इस पर अमल नहीं हुआ। नोटबंदी ने गरीबों के मुंह से निवाला छीन लिया। अलीगढ़ हो या मुरादाबाद। सब जगह हालात बद से बदतर हो गए। कारखाने बंद हो गए, लोग बेरोजगार हो गए।