केरल सरकार ने बुधवार को फैसला लिया कि वह कासरगोड जिले के 5,287 एंडोसल्फान (कीटनाशक) के पीड़ितों को आर्थिक सहायता प्रदान करेगी। प्रत्येक पीड़ित को एक-एक हजार रुपये की वित्तीय मदद दी जाएगी।
मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी एक बयान में कहा गया, मुख्यमंत्री पिनरई विजयन की अध्यक्षता में बैठक हुई जिसमें उन पीड़ितों को मदद देने का निर्णय लिया गया, जिन्हें केरल सामाजिक सुरक्षा मिशन के जरिए पेंशन मिल रही है।
सरकार ने हाल ही में सामाजिक कार्यकर्ता दया बाई की मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया था। जिसके कुछ दिनों बाद यह फैसला लिया गया है। दया बाई ने पीड़ितों के साथ एकजुटता जताते हुए भूख हड़ताल की थी।
बयान में कहा गया है कि कैबिनेट ने राज्य में सार्वजनिक क्षेत्र के संगठनों के वेतन ढांचे के लिए एक सामान्य ढांचा भी तैयार करने का फैसला लिया है, इस संबंध में एक स्टडी करने वाले एक्सपर्ट पैनल की सिफारिशों को स्वीकार किया गया है।