सौ भारतीय सहित दुनिया भर के अमीर और ताकतवर लोगों की विश्व आर्थिक मंच की पांच दिवसीय सालाना बैठक सोमवार से शुरू हो रही है। इसमें ब्रिटेन, चीन, पाकिस्तान और बांग्लादेश के शासनाध्यक्ष भी हिस्सा लेंगे। स्विट्जरलैंड के स्की रिसॉर्ट में होने वाली इस बैठक में वैश्विक अर्थव्यवस्था और प्रतिक्रियाशील एवं जवाबदेह नेतृत्व के बारे में विचार-विमर्श होगा।
भारत की ओर से केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और निर्मला सीतारमण, नीति आयोग के अरविंद पनगढ़िया और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू भी इस बैठक में हिस्सा लेंगे। इस सम्मेलन में मोदी सरकार की नोटबंदी और डोनाल्ड ट्रंप के राष्ट्रपति चुने जाने से दुनिया पर होने वाले प्रभाव भी चर्चा का मुख्य विषय होगा। इस सम्मेलन के एक विशेष सत्र रखा गया है, जिसमें भारत में भ्रष्टाचार और कर सुधारों पर चर्चा होगी।
भारत के 100 सीईओ और बिजनेस लीडर के अलावा टाटा समूह के नए प्रमुख एन चंद्रशेखरन भी बैठक में शिरकत करेंगे। इसके अलावा 100 के 1200 सीईओ सहित तीन हजार से अधिक लोग इस सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। इतने बड़े जमघट में प्रतिभागी आर्थिक और भू-रणनीतिक मामलों पर विमर्श करेंगे।