विपक्षी दलों के नेताओं ने राज्यसभा के सभापति एम. वेंकैया नायडू और लोकसभा की स्पीकर सुमित्रा महाजन से बुधवार को मुलाकात की। इन नेताओं ने दोनों सदनों में राष्ट्र हित के महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की मांग की।
दोनों सदनों की कार्यवाही लगातार 20 दिन बाधित रहने के बाद
कांग्रेस, बीएसपी, सपा, डीएमके, एनसीपी, टीएमसी और वाम दलों समेत विपक्षी नेताओं ने सदन में बहस नहीं होने के मुद्दे पर चर्चा की। इसके बाद इन दलों के नेताओं ने राज्यसभा के सभापति एम. वेंकैया नायडू और लोकसभा की स्पीकर सुमित्रा महाजन से मुलाकात की।
विपक्षी दलों के नेताओं ने एससी, एसटी एक्ट, सीबीएसई पेपर लीक और
पीएनबी धोखाधड़ी जैसे मामलों पर चर्चा कराए जाने की मांग की। कांग्रेस ने कहा कि यदि सत्र की अवधि को एक या दो दिन के लिए बढ़ाया जाता है तो उसे कोई ऐतराज नहीं होगा।
कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद ने कहा, ‘हम राष्ट्रहित के महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करना चाहते हैं। हम चाहते हैं कि विधेयक पारित हों। सरकार को इस दिशा में पहल करनी चाहिए। यदि सत्र की अवधि को एक या दो दिन के लिए बढ़ाया जाता है तो हम इसके खिलाफ नहीं हैं।’