फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ऑपरेशन : सहारा प्रमुख सुब्रत रॉय की हुई सफल ब्रेन सर्जरी, पढ़ें देश-दुनिया की नौ खबरें

Tue, 11 Jan 2022 06:10 AM IST
योगेश साहू एजेंसी, नई दिल्ली/मुंबई।
विज्ञापन
सुब्रत रॉय - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

सहारा प्रमुख सुब्रत रॉय की सफल ब्रेन सर्जरी हुई है। जानकारी के मुताबिक, न्यूरो प्रॉब्लम के चलते रॉय को मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया था। जहां, डॉक्टर मनीष श्रीवास्तव ने 6 जनवरी को उनके दिमाग के एक विशेष हिस्से का सफल ऑपरेशन किया। हालांकि, कुछ दिन आराम करने के बाद सुब्रत रॉय को सोमवार को अस्पताल से छुट्टी मिल गई।

विज्ञापन

43 लाख अंतरराष्ट्रीय कॉल कर दीं स्थानीय कॉल में तब्दील
अहमदाबाद के नवरंगपुरा इलाके में एक माह पहले जिस अवैध टेलीफोन एक्सचेंज का भंडाफोड़ हुआ था, उसने सरकार को चार करोड़ रुपये का चूना लगाया है। पुलिस उपायुक्त (अपराध) चैतन्य मांडलिक ने बताया कि एक्सचेंज ने गैरकानूनी ढंग से 43 लाख अंतरराष्ट्रीय कॉल को सेशन इनिशिएशन प्रोटोकॉल (एसआईपी) के जरिये स्थानीय कॉल में तब्दील किया था। शेरियार नाम का बांग्लादेशी व्यक्ति इस गिरोह का मास्टरमाइंड है, जो इस समय संयुक्त अरब अमीरात में रह रहा है।

नागालैंड : अफ्स्पा को रद्द करने की मांग को लेकर 70 किमी तक निकाला मार्च
नागालैंड में सशस्त्र बल विशेष शक्ति अधिनियम (अफ्स्पा) को रद्द करने की मांग को लेकर पिछले कई दिनों से प्रदर्शन जारी है। सोमवार को भी 100 से अधिक नागा नागरिकों ने दीमापुर से कोहिमा के बीच 70 किमी तक मार्च (वॉकथॉन) करके विरोध जताया। उनकी मांग थी कि अफ्स्पा को रद्द किया जाए और मोन जिले में सुरक्षा बलों के द्वारा 14 लोगों की हत्या मामले में न्याय मिले।

राज्य के नागरिक समाज संगठन और जनजातीय समूह के लोगों ने इस वॉकथॉन का समर्थन करते हुए मोन हत्या के संबंध में सोशल मीडिया पर भी पोस्ट किया। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि इस कठोर अधिनियम अफ्स्पा को रद्द किया जाया और पीड़ितों को न्याय मिले। इस दौरान उन्होंने कहा कि जब मोन घटना हुई तब सभी ने इसे रद्द करने की मांग की थी, लेकिन इंसाफ मिलने की जगह सरकार ने 6 महीने के लिए बढ़ा दिया। 

बता दें कि गत वर्ष 4 से 5 दिसंबर को मोन जिले में सुरक्षा बलों ने कुछ नागरिकों को विद्रोही समझकर गोली मार दी थी। इसके बाद नाराज ग्रामीणों ने विरोध जताते हुए सुरक्षा बलों पर हमला कर दिया था। इस दौरान करीब 14 लोगों की मौत हो गई थी। तभी से देशभर में इस अधिनियम को रद्द करने की मांग को लेकर आवाज उठने लगी।

तमिलनाडु: सख्त एहतियाती उपायों के साथ जल्लीकट्टू को अनमुति
तमिलनाडु सरकार ने सोमवार को ‘जल्लीकट्टू’ को कोविड-19 के सख्त नियमों के अनुपालन के साथ आयोजित करने की अनुमति दे दी। सरकार द्वारा जारी आदेश के मुताबिक, बैलों के मालिक और उनके सहायकों को खेल के लिए पंजीकृत कराएंगे। वहीं, प्रशिक्षकों को पूर्ण टीकाकरण प्रमाणपत्र के साथ-साथ कार्यक्रम से दो दिन पहले कराई गई आरटी-पीसीआर जांच की निगेटिव रिपोर्ट दिखानी होगी। यह नियम दर्शकों के लिए भी अनिवार्य होगा।

पिछले साल की तरह इस साल भी सरकार ने जल्लीकट्टू को देखने के लिए दर्शकों की संख्या खुले स्थान पर 150 या बैठने की 50 फीसदी की क्षमता दोनों में से जो भी कम हो उसकी अनुमति दी गई है। इसके साथ ही उन्हें कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए पहचान पत्र जारी किए जाएंगे। आदेश में कहा गया, कोविड-19 को देखते हुए केवल 300 पशु प्रशिक्षकों को ही जल्लीकट्टू, मंजुविराट्टू और वडामांडू में शामिल होने की अनुमति दी जाएगी।

असम में 9 वरिष्ठ पुलिस अधिकारी कोरोना संक्रमित
देश में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच असम के 9 वरिष्ठ अधिकारी भी जांच में संक्रमित पाए गए हैं। इन संक्रमित अधिकारियों में एक डीआईजी रैंक और एक अतिरिक्त डीजीपी अधिकारी भी शामिल हैं। इनमें से कुछ अस्पताल में भर्ती हैं जबकि अन्य ने घर पर ही आइसोलेट कर लिया है। सभी की हालत ठीक है। मिली जानकारी के अनुसार, संक्रमित अधिकारियों ने 3-4 जनवरी को शहर में आयोजित पुलिस अधीक्षण कार्यक्रम में शिरकत की थी।

इसमें मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा, डीजीपी भास्कर ज्योति, केंद्रीय गृह सचिव अजय कुमार भल्ला और आईबी के निदेशक अरविंद कुमार भी मौजूद थे। पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस बारे में कोई सूचना नहीं है कि यह संक्रमण आयोजन से फैला, क्योंकि 1 हफ्ते पहले कार्यक्रम हुआ था। सूत्रों के मुताबिक, कई जूनियर अधिकारी भी कोरोना जांच में पॉजिटिव आए हैं।

खादी ग्रामोद्योग काशी के श्रद्धालुओं के लिए बनाएगा कागज की चप्पलें
खादी ग्रामोद्योग 14 जनवरी से काशी के श्रद्धालुओं और काशी विश्वनाथ मंदिर में काम करने वालों के लिए हस्तनिर्मित कागज की चप्पलें बेचने की शुरुआत कर रहा है। एमएसएमई मंत्रालय ने सोमवार को कहा कि ये चप्पलें काशी विश्वनाथ गलियारे पर बनी खादी की दुकानों में मिलेंगी। मंत्रालय ने कहा कि अब काशी जाने वाले श्रद्धालुओं को मंदिर में खाली पैर नहीं घूमना पड़ेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा काशी के कामगारों के लिए जूट की चप्पलें भेजने के बाद यह फैसला किया गया है।

पाकिस्तान में छापेमारी के दौरान आईएस के छह आतंकी मारे गए
पाकिस्तान की आतंक-रोधी पुलिस ने दक्षिण-पश्चिम शहर क्वेटा में एक ठिकाने पर छापेमारी कर प्रतिबंधित इस्लामिक स्टेट (आईएस) समूह के छह आतंकवादियों को मार गिराया है। आतंक रोधी विभाग (सीटीडी) ने बताया कि शनिवार रात पूर्वी बाईपास इलाके में यह छापेमारी की गई। यह आतंकी समूह क्वेटा में एक बड़े हमले की योजना बना रहा था। इस छापेमारी के दौरान भारी गोलीबारी भी हुई।

अधिकारी ने बताया कि इस कार्रवाई में आतंकियों द्वारा इस्तेमाल में लाए जा रहे हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक सामग्री बड़ी मात्रा में जब्त की गई। एक आतंकी की पहचान असगर समलानी के रूप में हुई जिस पर 20 लाख का इनाम था। इस दौरान अंधेरे का फायदा उठाकर चार से पांच आतंकी भागने में सफल रहे।

बांग्लादेश : भीषण आग में शरणार्थियों के 1200 घर नष्ट
बांग्लादेश के कॉक्स बाजार के उखिया स्थित कैंप-16 शरणार्थी शिविर में भीषण आग लगने से 1,200 रोहिंग्याओं को घर नष्ट हो गए। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

पुलिस बटालियन के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कामरान हुसैन ने बताया कि आग रविवार शाम करीब पांच बजे लगी है। स्थानीय लोगों ने बताया कि शाम करीब पांच बजे उन्होंने कैंप के ऊपर घना धुंआ उठते देखा। स्थानीय निवाली सद्दाम हुसैन ने बताया कि उन्होंने अचानक देखा कि आग में सैकड़ों घर जल रहे हैं। क्षेत्र में आग लगने की घटनाएं आम बात हैं।
विज्ञापन

जलवायु को लेकर साथ काम करेंगे भारत-अमेरिका : यादव
केंद्रीय पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने सोमवार को बताया कि भारत और अमेरिका जलवायु के मुद्दे पर साथ काम करेंगे। इस सिलसिले में केंद्रीय मंत्री ने अमेरिका के जलवायु राजनयिक जॉन केरी से बात हुई है। यादव ने ट्वीट कर बताया कि अमेरिकी जलवायु राजनयिक जॉन केरी के साथ उनकी फोन पर सकारात्मक बातचीत हुई जिसमें भारत-अमेरिकी जलवायु अभियान और वित्त संग्रहण को लेकर संवाद को आगे बढ़ाने पर सहमति बनी।

केंद्रीय मंत्री ने दावा किया, भारत पेरिस समझौते के लक्ष्यों को हासिल करने में सबसे आगे चल रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंत्र के साथ देश कॉप26 की प्रतिबद्धताओं को पूरा करने के दिशा में काम कर रहा है। उन्होंने भरोसा जताया कि कार्बन उत्सर्जन घटाने में भारत पूरी जिम्मेदारी के साथ काम करेगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें