यूपीएससी 2015 में टीना ढाबी (एससी/दलित) के अव्वल आने के बाद आरक्षण का मसला फिर बहस में है। लेकिन देश के 39 केंद्रीय विश्वविद्यालयों में दलित (एससी) और आदिवासी (एसटी) समुदाय की स्थिति कुछ और ही कहानी बयां करती है। आरटीआई के मुताबिक, इन विश्वविद्यालयों में प्रोफेसर पद पर सिर्फ 33 एससी और 10 एसटी हैं। वहीं इन पदों पर सामान्य वर्ग के 1058 प्रोफेसर हैं। केंद्रीय विश्वविद्यालयों में सभी वर्गों के असिस्टेंट प्रोफेसर, असोसिएट प्रोफेसर और प्रोफेसर के 5987 पद खाली हैं। इनमें से 1273 प्रोफेसर के पद खाली हैं। आरक्षण होने के बाद भी एससी के 236 और एसटी के 114 प्रोफेसर पद खाली पड़े हैं।
आरटीआई एक्टिविस्ट महेंद्र प्रताप सिंह ने विश्वविद्यालय अनुदान आयोग(यूजीसी) से देश भर के केंद्रीय विश्वविद्यालयों में शिक्षकों की संख्या के संबंध में ब्यौरा मांगा था। यूजीसी ने मार्च, 2016 में दिए जवाब में सितंबर, 2015 तक की नवीनतम जानकारी दी है। यूजीसी के मुताबिक, केंद्रीय विश्वविद्यालयों में स्वीकृत शिक्षकों के पदों की संख्या 16525 हैं। इनमें लगभग सभी विश्वविद्यालयों में एससी-एसटी के असिस्टेंट प्रोफेसर, असोसिएट प्रोफेसर और प्रोफेसर के अधिकांश पद खाली हैं। दूसरी तरफ, फरवरी 2015 के यूजीसी रोस्टर मुताबिक इन सभी पदों पर एससी को 15 फीसदी और एसटी को 7.5 फीसदी आरक्षण दिया गया है। अति पिछड़ा वर्ग में प्रोफेसर पद के लिए आरक्षण का प्रावधान नहीं है।
यूजीसी के मुताबिक, दिल्ली विश्वविद्यालय में एससी व एसटी वर्ग के क्रमश: 3 और 1 प्रोफेसर हैं। उधर, जेएनयू में 8 एससी प्रोफेसर हैं। यहां एक भी एसटी वर्ग का प्रोफेसर नहीं है। उत्तर प्रदेश के तीन केद्रीय विवि बीएचयू, बीबीएयू और इलाहाबाद का हाल सबसे बुरा है। इनमें से सिर्फ बीएचयू में एससी वर्ग के एक प्रोफेसर हैं। इनमें से किसी विवि में एक भी एसटी वर्ग का प्रोफेसर नहीं है। उधर हिमाचल प्रदेश, जम्मू और कश्मीर, पंजाब, हरियाणा प्रदेश के कुल पांच केंद्रीय विश्वविद्यालयों और उत्तराखंड के हेमवंती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विवि (एचएनबीजीयू) में भी एससी-एसटी वर्ग का एक भी प्रोफेसर आरक्षित वर्ग से नहीं है। लगभग इसी तरह की तस्वीर 2014 में भी थी।
सितंबर 2015 तक खाली प्रोफेसर पद की स्थिति
नाम एससी एसटी सामान्य वर्ग
दिल्ली विश्वविद्यालय - 36 - 18 - 71
जवाहरलाल नेहरू विवि 19 - 13 - 60
बनारस हिंदू विवि - 36 - 18 - 70
बाबासाहब अंबेडकर विवि- 04 - 01 - 13
इलाहाबाद विश्वविद्यालय 11 - 05 - 47
एचएनबीजीयू(उत्तराखंड) 06 - 03 - 19