Maharashtra: मुंबई पुलिस ने करीब डेढ़ करोड़ की धोखाधड़ी के मामले में दस आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक पीड़ितों एक फिनटेक कंपनी के जरिए शेयर बाजार में निवेश करने का झांसा दिया गया था।
मुंबई पुलिस की साइबर सेल ने शनिवार को देश के विभिन्न हिस्सों से दस लोगों को गिरफ्तार किया। आरोप है कि इन लोगों ने मिलकर पांच अलग-अलग मामलों में लोगों से 1.47 करोड़ रुपये की ऑनलाइन धोखाधड़ी की। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
विज्ञापन
अधिकारी के मुताबिक, पीडितों को एक फिनटेक कंपनी के जरिए शेयर बाजार में निवेश करने का झांसा दिया गया। इसके बाद इनका पैसा हवाला चैनलों और धोखाधड़ी से बनाए गए बैंक खातों में भेजा गया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में जयेश उन्नी (34 वर्षीय), अरबाज समीर खान (26 वर्षीय) और शैलेश पुरुषोत्तमदास पटेल (53 वर्षीय) नवी मुंबई से हैं। वहीं, अजित कुमार सुखदेव करचे (51 वर्षीय) मलाड से, अमित राम सिंह (43 वर्षीय) दिल्ली से, हितेश सुरत सिंह (29 वर्षीय) हरियाणा से और नितिन चेंड़वांकर (47 वर्षीय), राजेश सोनवणे (51 वर्षीय) व उदय साल्वी मुंबई से हैं।
विज्ञापन
सभी आरोपियों को पुलिस हिरासत में रखा गया है। ऑनलाइन ठगी के मामलों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि यह ऑनलाइन धोखाधड़ी का एक बड़ा जाल हो सकता है और इससे जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।