भर्ती आयोगों की ओर से शुरू हुई ऑनलाइन परीक्षाएं स्वयं उन्हीं पर भारी पड़ रही हैं। कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) की ओर से परीक्षाओं को ऑनलाइन किए जाने के बाद परीक्षाओं के आयोजन को लेकर संकट खड़ा हो गया है।
ऑनलाइन परीक्षा केंद्रों के चयन को लेकर परीक्षा नियामक संस्थाओं पर दबाव है। एसएससी की सीजीएल जैसी परीक्षा में अबकी बार आठ लाख से अधिक दावेदार हैं। आठ लाख परीक्षार्थियों की ऑनलाइन परीक्षा कराना एसएससी के लिए मुसीबत बन गई है।
एसएससी की ओर से इससे पूर्व में हुई ऑनलाइन परीक्षाओं में केंद्रों की गड़बड़ी के कारण परीक्षार्थियों को परेशान होना पड़ा था। इसमें कुछ केंद्रों की परीक्षा सर्वर की गड़बड़ी और कंप्यूटर में खराबी के चलते पूरी नहीं कराई जा सकी थी। एसएससी की परीक्षाओं में नकल के आरोपों को देखते हुए केंद्रों के चयन में सतर्कता बरतनी होगी।