प्याज के बढ़ते दामों ने चोरों को भी अपनी ओर आकर्षित किया है। अबतक कीमती समान चोरी होने की खबरें आती रही है, लेकिन अब प्याज की चोरी की भी खबर आ रही है। घटना गुजरात के सूरत शहर के पालनपुर पाटिया क्षेत्र की है। जहां गुरुवार तड़के एक दुकान से पच्चीस हजार रुपए मूल्य के 250 किलो प्याज चोरी हो गए। दुकान के कर्मचारी अमित कन्नौजिया ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि, रोजाना की तरह हमने 50-50 किलो के प्याज के पांच बोरे दुकान के बाहर बुधवार की रात को रखे थे। हालांकि, पच्चीस हजार रुपए कीमत के प्याज की चोरी पहली बार हुई है। कन्नौजिया ने कहा कि प्याज के दाम बढ़ने के कारण चोरी हुई है। कन्नौजिया के अनुसार दुकानदार ने अभी तक पुलिस में प्राथमिकी दर्ज नहीं कराई है।
गुजरात के प्रमुख शहरों में प्याज के दाम नब्बे से सौ रुपए प्रति किलो हो गए हैं।