पश्चिम बंगाल के कई जिलों में बृहस्पतिवार को तेज तूफान आया। इसके चलते पेड़ उखड़ गए और यातायात बाधित हो गया। इसके अलावा, पश्चिम मेदिनीपुर जिले में वज्रपात से एक व्यक्ति की मौत हो भी हुई। हालांकि, कोलकाता में बारिश होने के चलते भीषण गर्मी से राहत मिली।
दक्षिण बंगाल के विभिन्न जिलों में बृहस्पतिवार शाम को तूफान ने जमकर कहर बरपाया। तेज तूफान के चलते पेड़ उखड़ गए और यातायात बाधित हो गया। इसके अलावा, पश्चिम मेदिनीपुर जिले के केशियारी में वज्रपात से एक व्यक्ति की मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है।
विज्ञापन
अधिकारियों के अनुसार, तेज तूफान से कोलकाता, हावड़ा और आसपास के उत्तर-दक्षिण 24 परगना, नादिया, हुगली, पश्चिम मेदिनीपुर, झारग्राम, बांकुरा, पूर्व-पश्चिम बर्धमान जिलों में पेड़ उखड़ गए, जिससे यातायात बाधित हुआ। भारतीय मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि दक्षिण बंगाल में तूफान की गति 50-60 किलोमीटर प्रति घंटा थी।
तूफान के चलते गर्मी से मिली राहत
अधिकारी के अनुसार, तेज तूफान और बारिश के चलते भीषण गर्मी से राहत मिली। कोलकाता में अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.2 डिग्री कम रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री रहा, जो सामान्य से 2.7 डिग्री कम दर्ज किया गया।
सुबह के समय कोलकाता में 2.6 मिमी बारिश हुई
अधिकारी ने बताया कि सुबह 8:30 बजे से कोलकाता में 2.6 मिमी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अप्रैल के मध्य से यह शहर और राज्य के दक्षिणी हिस्सों में आने वाला तीसरा तूफान था।