राजस्थान में 10 लाख करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव
राजस्थान में इन्वेस्ट राजस्थान समिट से पहले ही 10 लाख करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव मिला है। इसमें रिलायंस, रिन्यू पावर सोलर, लेंसकार्ट सॉल्यूशंस, सेंट गोबन, अदाणी समूह, बोरोसिल सहित अन्य कंपनियों के निवेश प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है। यह समिट 7 और 8 अक्तूबर को जयपुर में होने वाली है।
उद्योग मंत्री शकुंतला रावत ने बताया, सरकार इस समिट की मेजबानी करेगी। अतिरिक्त मुख्य सचिव वीनू गुप्ता ने कहा, इस समिट में स्टार्टअप, कृषि और कृषि प्रसंस्करण, भविष्य के लिए तैयार क्षेत्र, पर्यटन और एमएसएमई पर विचार विमर्श किया जाएगा। इसमें विभिन्न उद्योग क्षेत्रों के 3,000 प्रतिनिधि भाग लेंगे।
जुलाई में 8 फीसदी गिरी ऑटो की खुदरा बिक्री,गांवों में ज्यादा असर
यात्री वाहनों के पंजीकरण में कमी से जुलाई में ऑटो की खुदरा बिक्री में 8 फीसदी की गिरावट आई है। पिछले महीने 14.37 लाख गाड़ियां बिकीं थीं जबकि जुलाई, 2021 में 15.59 लाख की बिक्री हुई थी। यात्री वाहनों की खुदरा बिक्री 5 फीसदी गिरकर 2.51 लाख पर आ गई है। गांवों में महंगाई के कारण वाहनों की मांग लगातार घट रही है। फाडा के मुताबिक, दो पहिया वाहनों की बिक्री जुलाई, 2022 में 11 फीसदी गिरकर 10.09 लाख रही जो एक साल पहले 11.33 लाख थी। ट्रैक्टर की बिक्री भी 28% गिरकर 59,573 पर पहुंच गई।
एसयूवी की मांग में तेजी
फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन (फाडा) के अध्यक्ष विंकेश गुलाटी ने बताया कि भले ही बिक्री में गिरावट आई है, पर एसयूवी वाहनों की मांग में अभी भी तेजी बनी हुई है। तिपहिया और व्यावसायिक वाहनों की बिक्री हालांकि बढ़ी है।
एनपीएस-2 में क्रेडिट कार्ड से भुगतान पर रोक
पेंशन फंड रेगुलेटरी एंड डेवलपमेंट अथॉरिटी (पीएफआरडीए) ने नेशनल पेंशन सिस्टम (एनपीएस)-2 खाते में क्रेडिट कार्ड से भुगतान पर रोक लगा दी है। इसने एक सर्कुलर में इस तरह का आदेश जारी किया है। सुरक्षा और अन्य कारणों से ऐसा फैसला किया गया है।
पंजाब एंड सिंध बैंक को 205 करोड़ का लाभ
पंजाब एंड सिंध बैंक को जून तिमाही में 205 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ है। एक साल पहले के 174 करोड़ की तुलना में यह 17.82 फीसदी ज्यादा है। खुदरा कर्ज 18% बढ़कर 12,040 करोड़ रहा जबकि एमएसएमई कर्ज 17% बढ़कर 13,038 करोड़ रहा। कृषि कर्ज 12.29% बढ़कर 10,903 करोड़ हो गया।
अदाणी-इस्राइल इनोवेशन अथॉरिटी के बीच करार
अदाणी एंटरप्राइजेज ने इस्राइल की इनोवेशन पॉलिसी की देखरेख करने वाली एजेंसी इस्राइल इनोवेशन अथॉरिटी के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किया है। इसका उद्देश्य इस्राइली संस्थाओं और अदाणी समूह के बीच टेक इनोवेशन में सहयोग करना है। अदाणी पोर्ट्स के सीईओ करण अदाणी ने इसे अच्छा कदम बताया।
गोल्ड बॉण्ड...तो रुपये में होगा भुगतान
सरकार की गोल्ड बॉण्ड स्कीम को अगर तय समय (परिपक्वता) से पहले भुनाया जाता है तो ग्राहकों को रुपये में भुगतान होगा। जबकि परिपक्वता अवधि पर सोना या रुपया दोनों में से एक विकल्प ग्राहक चुन सकते हैं। आरबीआई ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
सोशल मीडिया कंपनियों का हर तिमाही होगा ऑडिट
केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (एमईआईटी) अब हर तीन महीने में सोशल मीडिया कंपनियों का अनुपालन ऑडिट करेगा। मौजूदा व्यवस्था में सोशल मीडिया कंपनियों को हर महीने आईटी नियम, 2021 के अनुपालन का खुलासा करना आवश्यक होता है, जहां वे विभिन्न शिकायतों के जवाब में उनके द्वारा की गई कार्रवाई की जानकारी देते हैं।
सूत्रों के मुताबिक, मंत्रालय ने सोशल मीडिया मध्यस्थों का अब हर तीन महीने में आईटी नियमों के तहत अनुपालन ऑडिट करने के लिए एक व्यवस्था बनाई है। इस ऑडिट में मंत्रालय यह देखेगा कि सोशल मीडिया कंपनियां उन्हें मिलने वाली शिकायतों के बारे में ठीक तरह से जानकारी दे रही हैं या नहीं और क्या उनकी कार्रवाई निर्धारित नियमों के अनुरूप है। सरकार ने सोशल मीडिया कंपनियों के लिए एक अपीलीय समिति स्थापित करने का प्रस्ताव दिया है, जो किसी भी शिकायत के संबंध में सोशल मीडिया कंपनियों द्वारा लिए गए निर्णयों को पलटने में सक्षम होगी।
चीन में किंडरगार्टन स्कूल पर हमले का संदिग्ध गिरफ्तार
चीन के जियांग्शी प्रांत के एक किंडरगार्टन स्कूल पर हमला करने के आरोप में पुलिस ने 47 वर्षीय लुई शियाओहुई को गिरफ्तार कर लिया है। इस हमले में तीन लोगों की मौत हो गई थी और छह अन्य घायल हो गए थे। अनफू काउंटी पुलिस की ओर से जारी एक बयान में यह जानकारी दी गई। किंडरगार्टन स्कूल में बुधवार को हमला किया गया था। पुलिस ने इस हमले में मारे गए लोगों के बारे में जानकारी नहीं दी है। लेकिन चीनी सरकारी अखबार ग्लोबल टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक इस हमले में कम से कम एक बच्चे की मौत हुई है।