जम्मू कश्मीर के सुंजवान में स्थित आर्मी कैंप पर 10 फरवरी की सुबह आतंकियों ने हमला कर दिया था। इस हमले में एक जेसीओ सहित दो जवान शहीद हो चुके हैं। जेसीओ की पहचान मदनलाल के तौर पर हुई है। आतंकियों द्वारा की गई फायरिंग में एक हवलदार की बेटी की भी जान चली गई है। इसके अलावा तीन जवान सहित चार लोगों के घायल होने की खबर है।
आंतकी हमले पर केंद्रीय गृहमंत्री
राजनाथ सिंह का कहना है कि मुझे नहीं लगता कि इस बारे में कुछ कहा जाना अभी ठीक नहीं है क्योंकि ऑपरेशन अभी जारी है लेकिन आप आश्वस्त रहें हमारी सेना और जवान अपना कर्तव्य निभा रहे हैं। वो आप लोगों का मस्तक झुकने नहीं देंगे।
घटना शनिवार सुबह तीन से चार बजे के बीच की है जब आतंकी जम्मू से सटे सुंजवान स्थित सेना के कैंप में घुस गए। जम्मू-कश्मीर पुलिस आईजी एसडी सिंह जांवाल ने बताया कि गेट पर तैनात संतरी ने सुबह के अंधेरे में कुछ संदिग्ध हरकत देखी। जिसके बाद उसने आवाज लगाई।
आतंकियों ने संतरी के बंकर पर फायरिंग शुरू कर दी और दो ग्रुप में बंटकर कैंप के अंदर घुस गए। कैंप में सेना के परिवारों के लिए बनाए गए फ्लैट में जाकर आतंकी छिप गए। आतंकियों के खात्मे के लिए कम से कम सौ से ज्यादा राष्ट्रीय राइफल्स के जवानों ने इस समय मोर्चा संभाल रखा है।