भारतीय जनता पार्टी के नेता और कार्यकर्ता आज भाजपा के स्थापना दिवस मना रहे हैं। इस मौके पर पार्टी के अध्यक्ष जे पी नड्डा ने पार्टी के कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे इस अवसर पर दिन में एक समय का भोजन न करें। दरअसल, लॉकडाउन के दौरान मुश्किलों का सामना कर रहे लोगों के प्रति सहानूभुति व्यक्त करने के लिए जे पी नड्डा ने भोजन का त्याग करने की अपील की है। भाजपा के स्थापना दिवस के अवसर पर कार्यकर्ताओं को नड्डा ने दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ट्वीट कर कार्यकर्ताओं से इसे पालन करने की अपील भी की।
इससे पहले पीएम मोदी ने शुक्रवार को इस मौके पर एक ट्वीट भी किया, जहां उन्होंने कहा, "भाजपा का 40वां स्थापना दिवस ऐसे समय में आया है, जब देश COVID-19 से लड़ रहा है। मैं कार्यकर्ताओं से आग्रह करता हूं कि वे पार्टी अध्यक्ष जे पी नड्डा जी के दिशानिर्देशों का पालन करें और सोशल डिस्टेंसिंग के साथ जरूरतमंदों की मदद करें। एकजुट होकर भारत को COVID-19 से मुक्त करें।"
नड्डा ने पार्टी के कार्यकर्ताओं से कहा कि वे इस मौके पर जरूरतमंद लोगों को खाने के पैकेट मुहैया कराएं। इसके साथ घर में बने मास्क वितरित करें और आपात सेवाओं में तैनात कर्मियों के प्रति आभार प्रकट करने के लिए लोगों से हस्ताक्षर कराएं। नड्डा ने इस दौरान कार्यकर्ताओं को सामाजिक दूरी का पालन करने की भी हिदायत दी है।
जे पी नड्डा ने कार्यकर्ताओं से कहा, ‘‘ पार्टी के स्थापना दिवस पर सभी भाजपा कार्यकर्ता एक समय के भोजन का त्याग करें। इसके साथ लॉकडाउन के दौरान मुश्किलों का सामना कर रहे लोगों के साथ अपनी सहानुभूति व्यक्त करें। वहीं, पार्टी के देशव्यापी महाभियान ‘फीड द नीडी’ (जरूरतमंद को भोजन कराएं) के तहत खाद्य सामग्री के पैकेट का जरूरतमंद लोगों के बीच वितरण किया जाए।’’
उन्होंने कहा, ‘‘अगले एक सप्ताह तक ऐसी व्यवस्था बनाई जाए जिससे बूथ के हर व्यक्ति को घर पर बने दो फेस मास्क दिए जा सकें। फेस मास्क बनाने और बांटने के वीडियो #WearFaceCoverStaySafe के माध्यम से हमें सोशल मीडिया पर अधिक से अधिक प्रचारित करना चाहिए। ताकि, लोग इसके फायदे और इस्तेमाल के प्रति जागरुक बनें।’’