कोरोना वायरस महामारी के खिलाफ भारत सरकार के फैसलों पर संघ के सह सर कार्यवाह मनमोहन वैद्य ने टिप्पणी की है। वैद्य ने कहा है कि भारत ने दूसरे विकसित देशों के मुकाबले कोविड-19 संकट का ज्यादा बेहतर तरीके से सामना किया है। इस दौरान उन्होंने भारत सरकार के उठाए कदमों का समर्थन करते हुए कहा, 'कोविड-19 संक्रमण से लड़ने के लिए भारत के नेतृत्व ने कुछ कड़े और ठोस कदम उठाए, जिसे लोगों का समर्थन मिला है।'
कोरोना वायरस के संकट को लेकर किए गए लॉकडाउन पर मनमोहन वैद्य ने कहा, 'गरीबों और दिहाड़ी मजदूरों को भोजन उपलब्ध हो सके इसके लिए हेल्पलाइन शुरू करने के साथ संघ के कार्यकर्ताओं ने बंदी के दौरान 25.5 लाख लोगों की मदद की है।'
मालूम हो कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) आज अपना 40वां स्थापना दिवस मना रही है। साल 1980 में भाजपा की नींव पड़ी थी। स्थापना दिवस के मौके पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई दी है। वहीं, कार्यकर्ताओं से अपील की गई है कि वे कोविड-19 के खिलाफ लड़ाई में जरुरतमंद लोगों की मदद करें। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कार्यकर्ताओं को दिन में एक समय का भोजन न करने की अपील की है।
भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के मौके पर भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और गृह मंत्री अमित शाह ने कार्यकर्ताओं को शुभकामना दी है। वहीं, पूर्व गृहमंत्री और मौजूदा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी पार्टी के स्थापना दिवस पर कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं दी हैं।
भाजपा का स्थापना दिवस ऐसे मौके पर आया है, जब देशभर में कोरोना वायरस के चलते 21 दिनों का लॉकडाउन किया गया है। ऐसे में सोमवार की सुबह को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कार्यकर्ताओं को बधाई दी। इसके साथ ही पीएम मोदी ने उन्हें सामाजिक दूरी का ध्यान रखने की भी सलाह दी है।