अत्यधिक संक्रामक माना जा रहा ओमिक्रॉन तेजी से फैल रहा है। ब्रिटेन के बाद यूरोप में इस वैरिएंट के मामले मिले हैं। नीदरलैंड में 13 लोग संक्रमित मिले हैं तो जर्मनी में दो और इटली में एक मामले की पुष्टि हुई है। ऑस्ट्रेलिया में भी दो लोगों में ओमिक्रॉन का संक्रमण मिला है। उधर, फ्रांस और अमेरिका ने भी आशंका जताई है कि नए स्वरूप का प्रवेश उनके यहां भी पहले ही हो चुका है।
नीदरलैंड की राजधानी एम्स्टर्डम में दक्षिण अफ्रीका से आए 13 लोगों में इस वैरिएंट का संक्रमण मिला है। सभी को आइसोलेट किया है। जर्मनी के बावेरिया राज्य में भी शनिवार को ओमिक्रॉन से संक्रमण के दो मामलों की पुष्टि हुई। इटली के राष्ट्रीय स्वास्थ्य संस्थान ने बताया कि मोजांबिक से आए व्यक्ति को भी इसी से पीड़ित पाया गया। इससे पहले शनिवार को ब्रिटेन में भी दक्षिण अफ्रीका से आए तीन लोगों में नए स्वरूप का संक्रमण मिला है।
ब्रिटेन ने विदेश से आने वाले हर व्यक्ति के 14 दिन क्वारंटीन को अनिवार्य कर दिया है। उधर, ऑस्ट्रेलिया के न्यू साउथ वेल्स के स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि शनिवार शाम दक्षिणी अफ्रीका से सिडनी पहुंचे दो लोग ओमिक्रॉन से संक्रमित पाए गए। हालांकि, दोनों ही लोगों को टीके की दोनों खुराक लग चुकी थीं और दोनों में संक्रमण के लक्षण नहीं दिख रहे थे।
फ्रांस के स्वास्थ्य मंत्री ओलिवियर वेरन ने भी कहा कि फ्रांस में अभी तक किसी भी मामले की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन यह देखते हुए कि कई पड़ोसी देशों में इसके संक्रमण की सूचना मिली है। इस्राइल ने सभी विदेशियों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया है और आतंकवाद विरोधी फोन-ट्रैकिंग तकनीक को फिर सक्रिय कर दिया है।
सबसे पहले दक्षिण अफ्रीका में पहचाने गए ओमिक्रॉन वैरिएंट से ऑस्ट्रेलिया, ब्रिटेन, जर्मनी, इटली, बेल्जियम, बोत्सवाना, इस्राइल और हांगकांग में भी संक्रमित लोग मिले हैं।
इन देशों ने लगाए यात्रा प्रतिबंध
ब्रिटेन, अमेरिका, रूस, यूरोपीय संघ, कनाडा, जापान, थाईलैंड, न्यूजीलैंड, ऑस्ट्रेलिया, ब्राजील, सऊदी अरब, फ्रांस, जर्मनी, इटली, नीदरलैंड, ऑस्ट्रेलिया, माल्टा, स्विट्जरलैंड, श्रीलंका, इस्राइल, दुबई, जॉर्डन, बहरीन, मोरक्को, सिंगापुर, तुर्की, मिस्र, मॉरिशस, बांग्लादेश, मलेशिया, इंडोनेशिया, मालदीव, ओमान, कुवैत।
ब्रिटेन में मास्क फिर अनिवार्य
ब्रिटेन में प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने कहा, सरकार फेस मास्क पहनने के नियम दोबारा सख्त करने जा रही है। लोगों को सार्वजनिक परिवहन और दुकानों में फिर से मास्क पहनना पड़ेगा।
कोविड-19 महामारी को फिर से बढ़ाने का खतरा पैदा कर रहे वायरस के ओमिक्रॉन वेरिएंट के नए व असामान्य लक्षण सामने आए हैं। दक्षिण अफ्रीका की प्रशासकीय राजधानी प्रीटोरिया में निजी सेवाएं दे रही डॉ. एंजेलिक कोएट्जी ने इलाज के दौरान यह लक्षण देखे। डॉ. कोएटजी को ओमिक्रॉन संक्रमण रिपोर्ट करने वाली पहली डॉक्टर माना जाता है। वे शोध के लिए वैज्ञानिकों को जानकारी मुहैया करवा रही हैं। जानिए उनकी जुबानी-
- ओमिक्रॉन संक्रमित मरीज की स्वाद या सूंघने की क्षमता नहीं गई थी, जैसा कोविड-19 मरीजों में हो रहा था।
- इन मरीजों में बेहद थकान और तेज पल्स रेट दर्ज हुई। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के टीका सलाहकार बोर्ड को इन लक्षणों की रिपोर्ट दी है।
- कोरोना के बाकी लक्षण जैसे बुखार, खांसी आदि भी हल्के हैं, इससे मरीजों को संक्रमित होने का अंदाजा नहीं लग रहा है।
यात्रा प्रतिबंधों से प्रसार रोकना नामुमकिन...
विशेषज्ञों ने चेताया है कि ओमिक्रॉन को रोकने में देर हो चुकी है। प्रतिबंध से पहले ही अमेरिका, ब्राजील, कनाडा, यूरोपीय देश, ऑस्ट्रेलिया, जापान और थाईलैंड में से ज्यादातर जगहों पर पहले ही संक्रमण पहुंच चुका है।
कच्चा तेल, शेयरों में गिरावट...
ओमिक्रॉन की दहशत से वित्तीय बाजार डगमगा गए हैं। कच्चे तेल की कीमतें 10 डॉलर प्रति बैरल तक कम हो गई हैं। शनिवार को ज्यादातर खाड़ी देशों के शेयर बाजारों में भारी गिरावट देखी गई।