जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा एजेंसियों के हाथों मारे गए हिजबुल मुजाहिद्दीन आतंकी बुराहन वानी के सोशल मीडिया पर हो रहेमहिमा मंडन पर सुरक्षा एजेंसियां सख्त हो गई हैं। इसके तहत लश्कर-ए-तौयबा सरगना हाफिज सईद के ट्वीटर हैंडिल को बंद कर दिया गया है।
सईद के ट्वीटर हैंडिल हाफिजसईदलाइव पर वानी को शहीद बताने और उसके शव यात्रा की तस्वीर प्रचारित करने संबंधी शिकायत भारत ने ट्वीटर से की थी। हालांकि सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में इस तरह के पोस्ट सुरक्षा एजेसियों के लिए मुसीबत बनी हुई है।
गृह मंत्रालय सूत्रों के मुताबिक ट्वीटर और फेसबुक पर इस तरह के सभी पोस्ट पर अंकुश लगाना मुश्किल काम है। लेकिन हाफिज जैसे कुख्यात लोगों पर ट्वीटर पर प्रतिबंध लगाकर आतंकियों के महिमा मंडल करने वालों को संख्त संदेश देने की कोशिश की जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक पिछले साल दिसंबर में भी हाफिज के ट्वीटर हैंडिल को निलंबित किया गया था। हाफिज का वह हैंडिल हाफिजसईदजेयूडी के नाम से था। उस दौरान हाफिज अपने एकाउंट पर पाकिस्तानियों को भारत से आजादी दिलाने के लिए कश्मीरियों की मदद करने की सलाह दी जा रही थी। इसमें पाक सरकार को भी संदेश दिया जा रहा था।
ट्वीटर पर इस तरह के संदेशों के बाद उसके हाफिज सईद जेडीयू हैंडिल को बंद कर दिया गया। इसपर हाफिज ने हाफिज सईद लाइव के नाम से नया एकाउंट बना लिया था।