कासगंज। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का अभद्र टिप्पणी के साथ फोटो लगाकर फेसबुक पर डालने के मामले में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। मामले में केस दर्ज करके घटना की जांच शुरू कर दी गई है।
फेसबुक पर अंसारी फाजिल के नाम के अकाउंट पर यह पोस्ट पड़ी हुई थी। भाजपा नेताओं की नजर इस फेसबुक अकांउट पर पड़ी, तो वे टिप्पणी देख तिलमिला उठे। इसकी जानकारी कोतवाली निरीक्षक पदम सिंह को दी गई। उन्हें आपत्तिजनक पोस्ट की कॉपी भी उपलब्ध कराई गई। कोतवाली निरीक्षक ने अफसरों को घटना से अवगत कराया।
खबर लगते ही एएसपी हरेंद्र यादव, सीओ शैलेंद्र भी कोतवाली पहुंचे। उन्होंने आरोपी युवक फाजिल के बारे में जानकारी जुटाई। पुलिस टीम ने फाजिल को हिरासत में ले लिया है। अपर पुलिस अधीक्षक एवं सीओ ने उससे पूछताछ की। एएसपी ने बताया कि युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। युवक को जेल भेजा जाएगा।