ओडिशा के गंजाम में 20 वर्षीय युवती ने दुष्कर्म की शिकायत दर्ज कराने के एक दिन बाद आत्मदाह का प्रयास किया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई। पुलिस के अनुसार, घटना के कारणों की जांच जारी है और युवती की हालत नाजुक बनी हुई है। पढ़िए रिपोर्ट-
ओडिशा के गंजाम जिले में एक 20 वर्षीय युवती ने शनिवार को कथित तौर पर आत्मदाह करने की कोशिश की। यह घटना दुष्कर्म की शिकायतदर्ज कराने के एक दिन बाद हुई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
विज्ञापन
पुलिस ने क्या कहा?
पुलिस ने बताया, महिला कॉलेज छोड़ चुकी है। उसने कोटिनाडा थाना क्षेत्र में कथित तौर पर अपने घर के पीछे केरोसिन डालकर खुद को आग लगा ली, जिससे उसे लगभग 50 फीसदी तक जलने की चोटें आईं।
उन्होंने बताया, यह घटना उस समय हुई, जब घर में कोई और मौजूद नहीं था। उसे उसके माता-पिता ने बचाया। पहले उसे पास के अस्पताल ले जाया गया। उसके बाद उसे बहरामपुर के एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल स्थानांतरिक किया गया। युवती की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस ने कहा कि इस कथित आत्महत्या के प्रयास के पीछे का सटीक कारण अभी पता नहीं चल पाया है। कोटिनाडा थाना के प्रभारी निरीक्षक दामोदर बिहारी ने कहा, हम इस मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रहे हैं।
एक दिन पहले दर्ज कराई थी दुष्कर्म की शिकायत: पुलिस
पुलिस के अनुसार, महिला ने शुक्रवार को एक व्यक्ति के खिलाफ दुष्कर्म की शिकायत दर्ज कराई थी और घटना से पहले शनिवार को उसका बयान दर्ज किया जाना था। प्रारंभिक जांच से पता चला कि महिला का आरोपी के साथ 2022 से संबंध था, जब वह नाबालिग थी।