ओडिशा तट के पास पारादीप पोर्ट अथॉरिटी (पीपीए) और भारतीय तटरक्षक बल (इंडियन कोस्ट गार्ड) ने मुसीबत में फंसे एक जहाज के 27 चालक दल के सदस्यों को बचा लिया, जिससे एक बड़ी समुद्री आपदा टल गई। यह जानकारी अधिकारियों ने मंगलवार को दी।
एससीआई ने क्या बताया?
उन्होंने बताया कि शिपिंग कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया (एससीआई) से मिली एक जरूरी सूचना के बाद यह संयुक्त अभियान शुरू किया गया। एससीआई ने बताया था कि जहाज में पानी भर रहा है और उसका प्रोपेलर शाफ्ट खराब हो गया है।
पीपीए ने क्या बताया?
अधिकारियों ने बताया कि 'एमवी विश्व उदय' नाम के इस जहाज को सुरक्षित खींचकर (टो करके) मंगलवार सुबह बंदरगाह की बाहरी सीमा के पास लंगर डाल दिया गया। पीपीए ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा, '“समुद्री बचाव: पारादीप पोर्ट अथॉरिटी द्वारा सफल बचाव अभियान! पारादीप पोर्ट अथॉरिटी (PPA) ने एससीआई लिमिटेड के एक तत्काल अनुरोध पर त्वरित कार्रवाई करते हुए, 'एमवी विश्व उदय' के लिए एक समन्वित बचाव अभियान चलाया। इस जहाज पर 27 क्रू सदस्य सवार थे। जहाज से सूचना मिली थी कि उसमें पानी भर रहा है और उसका प्रोपेलर शाफ्ट खराब हो गया है। यह घटना पारादीप पोर्ट से लगभग 50 नॉटिकल मील दूर हुई थी।
जहाज कहां जा रही थी?
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि यह जहाज पश्चिम बंगाल के हल्दिया बंदरगाह से पूर्वी अफ्रीका के मोजाम्बिक जा रहा था, तभी इसका प्रोपेलर शाफ्ट खराब हो गया, जिससे यह समुद्र के बीच फंस गया। जहाज में पानी भरने लगा, जिससे इसके डूबने का खतरा पैदा हो गया था।
तटरक्षक बल ने क्या कहा?
भारतीय तटरक्षक बल ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, 'भारतीय तटरक्षक बल के पारादीप जिला मुख्यालय द्वारा समन्वित एक त्वरित खोज और बचाव अभियान के तहत, 15-16 नवंबर की रात को 'ICGS अमूल्य' और 'ICGS विजया' को 'MV विश्व उदय' की मदद के लिए भेजा गया। जहाज ने सूचना दी थी कि पारादीप के पास टेल शाफ्ट खराब होने के कारण उसके इंजन रूम में भारी मात्रा में पानी भर गया है।'
तटरक्षक बल ने आगे बताया, 'समुद्र की कठिन परिस्थितियों का सामना करते हुए, एक विशेषज्ञ 'डैमेज कंट्रोल टीम' (नुकसान नियंत्रण टीम) जहाज पर पहुंची। उन्होंने सबमर्सिबल पंप लगाए और जहाज में पानी के बहाव को सफलतापूर्वक रोक दिया।'