ओडिशा के कालाहांडी जिले के चर्चित शिक्षिका हत्याकांड मामले ने नया मोड़ ले लिया है। शिक्षिका के अपहरण और हत्या के मुख्य आरोपी गोविंद साहू का शव मंगलवार को जेल परिसर में पेड़ से लटका हुआ मिला है। जेल अधिकारियों ने बताया कि साहू का शव जेल परिसर में लगे एक पेड़ से गमछे से लटका हुआ मिला है। मामला सामने आने के बाद उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
यह घटना तब सामने आई है, जब गोविंद साहू को आज ही (मंगलवार) को न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी की अदालत में पेश किया जाना था। वहीं इस मामले में डीआईजी जेल शुभकांत मिश्रा ने पुलिस के स्तर पर चूक को स्वीकार किया है। उन्होंने कहा है कि मामले में जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
24 वर्षीय शिक्षिका की हुई थी हत्या
बता दें, पिछले साल आठ अक्तूबर को बोलनगीर जिले के झारी गांव की 24 वर्षीय शिक्षिका का अपहरण हो गया था। बाद में 19 अक्टूबर को स्कूल परिसर में एक गड्ढे से उसकी हड्डियां और शरीर के अन्य हिस्से बरामद किए गए थे। महिला जिस स्कूल में पढ़ाती थी, उसी स्कूल की प्रबंध समिति के गोविंद साहू अध्यक्ष थे। साहू को बाद में महिला शिक्षक की हत्या करने और उसके शरीर के टुकड़े कर आग लगाने और गड्ढे में फेंकने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। उसने कथित तौर पर सबूत मिटाने के लिए उसके बैग, मोबाइल फोन और अन्य सामानों को भी आग लगा दी थी।
महिला शिक्षिका ने साहू को दी थी धमकी
पुलिस जांच में पता चला था कि गोविंद साहू के विवाहेतर संबंध थे। महिला शिक्षिका ने साहू को उसके विवाहेतर संबंधों को उजागर करने की धमकी दी थी, जिसके बाद उसने अपनी कार में शिक्षिका की गला दबाकर हत्या कर दी थी।