बीजद ने कहा, आदर्श आचार संहिता के दिशानिर्देश किसी भी प्रकार के वादे और जनप्रतिनिधि द्वारा सरकारी काम के आश्वासन पर रोक लगाते हैं। केंद्रीय मंत्री ने आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन किया है।
बीजू जनता दल (बीजद) ने रविवार को केंद्रीय मंत्री बिशेश्वर टुडू के खिलाफ चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज कराई। बीजद ने आरोप लगाया कि टुडू ने भाजपा उम्मीदवार के लिए प्रचार करते समय आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन किया। ओडिशा की धामनगर विधानसभा सीट पर उपचुनाव होना है। मतदान तीन नवंबर को होगा।
विज्ञापन
लेनिन मोहंती के नेतृत्व में बीजद का एक प्रतिनिधिमंडल ने आज ओडिशा के मुख्य चुनाव अधिकारी (सीईओ) को एक ज्ञापन सौंपा। इसमें उन्होंने केंद्रीय जल राज्य मंत्री टुडू पर चुनाव प्रचार के दौरान आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने का आरोप लगाया।
इस प्रतिनिधिमंडल ने सीईओ को एक वीडियो भी सौंपा। इसमें आरोप लगाया गया है कि टुडू ने धामनगर के लोगों को आश्वासन दिया था कि उनका मंत्रालय धामनगर को बाढ़ से बचाने के लिए काम करेगा।
विज्ञापन
बीजद ने कहा, आदर्श आचार संहिता के दिशानिर्देश किसी भी प्रकार के वादे और जनप्रतिनिधि द्वारा सरकारी काम के आश्वासन पर रोक लगाते हैं। चुनाव आचार संहिता लागू हो चुकी है। बीजद नेता और पूर्व सांसद प्रदीप मांझी ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि केंद्रीय मंत्री ने आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन किया है। उन्होंने वादा किया है कि वह उनके साथ चर्चा करेंगे और केंद्रीय जल आयोग की एक टीम को धामनगर भेजेंगे।
बीजद द्वारा सौंपे ज्ञापन में कहा गया है, "अगर टुडू के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो यह धामनगर के मतदाताओं और लोकतंत्र के लिए बहुत खराब मिसाल कायम करेगा।" टुडू की ओर से अभी कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
धामनगर विधानसभा क्षेत्र में बीजद, कांग्रेस, भाजपा और निर्दलीय उम्मीदवारों के नेताओं द्वारा जमकर प्रचार किया जा रहा है। ओडिशा के कई मंत्री और विधायक बीजद उम्मीदवार अबंती दास के प्रचार में लगे हुए हैं। केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और बिशेश्वर टुडू ने शनिवार को लगातार दूसरे भाजपा प्रत्याशी सूर्यवंशी सूरज के लिए प्रचार किया।