सोशल डिस्टेंसिंग और फेस्क मास्क न पहनने पर भुवनेश्वर की भाजपा सांसद अपराजिता सारंगी और उनके 20 समर्थकों पर 300 रुपये का जुर्माना लगाया गया है। यह पहला मौका है जब किसी राजनीतिक पदाधिकारी पर इस तरह का जुर्माना लगाया गया है।
भुवनेश्वर के पुलिस आयुक्त सुधांशु सारंगी ने बताया कि सांसद और उनके 20 समर्थक बुधवार को पार्टी अध्यक्ष राजनाथ प्रधान के घर बिना फेस्क मास्क पहने नजर आए। इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का भी पालन नहीं किया गया। दरअसल सांसद की तरफ से ट्वीट की गई तस्वीर में, वह 30 पार्टी के समर्थकों के साथ खड़ी दिखाई दे रही हैं। इनमें से केवल चुनिंदा लोगों ने ही फेस मास्क पहना है। हैरानी की बात यह है कि खुद सांसद ने भी फेस मास्क नहीं पहना है।
इस मामले में सांसद और उनके समर्थकों पर फेस मास्क न पहनने के लिए 200 रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं, इन लोगों पर सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों की अनदेखी करने के लिए 100 रुपये का जुर्माना लगाया गया।
दरअसल सांसद के ट्विटर हैंडल पर पोस्ट की गई तस्वीर तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल होने लगी, जहां लोगों का कहना था कि सांसद खुद एक गलत उदाहरण पेश कर रही हैं।
बता दें कि भाजपा सांसद अपराजिता सारंगी ने पिछले साल चुनाव लड़ने से पहले 2018 में आईएएस से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ले ली थी। इस मामले पर उन्होंने कहा कि उन्हें बहुत ही विशेष परिस्थितियों में पार्टी के नेता का दौरा करना था। उन्होंने एक ट्वीट में लिखा, "मैं कोविड-19 मानदंडों के पालन के बारे में लोगों की चिंता की पूरी तरह से सराहना और सम्मान करती हूं। यह एक अच्छा संकेत है। अपने कर्तव्य को स्वीकार करते हुए, मैंने स्वेच्छा से जुर्माने का भुगतान किया है।”