दक्षिण भारत के एक नेता ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की हत्या को 'जायज' ठहराते हुए नया विवाद खड़ा कर दिया है। फिल्मों से राजनीति में आए 'नाम तमीझर काची' (एनटीके) पार्टी के संस्थापक सीमन ने विक्रावंदी विधानसभा में उपचुनावों से ठीक पहले यह विवादित बयान दिया है, जिसका तमिलनाडु कांग्रेस के नेताओं ने इस पर कड़ा विरोध जताते हुए सीमन के खिलाफ देशद्रोह का मामला दर्ज करने की मांग की है। आलोचनाओं के बावजूद एनटीके नेता अपने बयान पर अड़े रहने के संकेत दिए हैं। स्थानीय कांग्रेस ने आरोप लगाए हैं कि यह बयान राष्ट्रीय एकता के खिलाफ है। पुलिस का कहना है कि सीमन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
विवादित बयान का वीडियो वायरल
एक चुनाव रैली में अपने भाषण के दौरान सीमन का एक वीडियो वायरल हुआ है। इस वीडियो में वह राजीव गांधी की हत्या को जायज ठहरा रहे हैं। पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 21 मई, 1991 को लिट्टे के आत्मघाती हमले में हत्या कर दी गई थी।
प्रभाकरन का समर्थक है सीमन
एनटीके नेता सीमन लिट्टे सुप्रीमो वी प्रभाकरन का समर्थक है। इसलिए उन्होंने 80 के दशक में श्रीलंका में शांति सेना भेजे जाने की भी आलोचना की।
आतंकी हमलों को बढ़ावा देते हैं ऐसे बयान
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के.एस.अलागिरी और लोकसभा सांसद सु थिरुनावुक्करसर ने सीमन की आलोचना की है। अलागिरी ने कहा कि इस तरह की टिप्पणी आतंकी हमलों को बढ़ावा देती है।