फिरकी गेंदबाजों के बेहतरीन खेल के बूते सोमवार को भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने दक्षिण अफ्रीका को एक लो स्कोरिंग मैच में छह रन से मात दी। इस जीत के साथ ही भारतीय महिलाओं ने तीन मैच की वन-डे सीरीज में दक्षिण अफ्रीका का 3-0 से सूपड़ा साफ कर दिया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय महिलाओं ने 146 रन बनाए। खराब शुरुआत के बाद हरमनप्रीत कौर (38) और शिखा पांडेय (35) ने मिलकर टीम को संभाला और संघर्षपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया।
जवाब में एकता बिष्ट, दीप्ती शर्मा और राजेश्वरी गायकवाड़ की धारदार गेंदबाजी के बूते प्रोटियाज टीम 48 ओवर्स में 140 रन पर ही सिमट गई। याद हो कि तीन मैच की सीरीज के पहले मुकाबले में जहां भारतीय महिलाओं ने आठ विकेट से बाजी मारी थी तो दूसरे मैच में उन्हें छह विकेट से जीत हाथ लगी थी।