दिल के रोगियों के लिए सरकार ने बड़ा तोहफा दिया है। केंद्र सरकार ने ड्रग एल्यूटिंग स्टेंट(DES) की कीमत कम करने का फैसला किया है। हालांकि विदेशी कंपनियों का दबाव था लेकिन फिर भी सरकार ने यह फैसला लिया।
नेशनल फॉर्मास्यूटिकल प्राइसिंग अथॉरिटी (
NPPA) ने तीन मीटिंग के बाद DES की कीमत पहले की तुलना में कम कर दी है। अब DES की कीमत 27,890 रुपये होगी। हालांकि बेयरमेटल स्टेंट की कीमत में इजाफा किया गया है। पहले इसकी कीमत 7260 रुपये थी, अब इसकी कीमत 7660 रुपये होगी।
गौरतलब है कि 13 फरवरी 2017 को स्टेंट पर पहली बार कैपिंग की गई थी जिसके एक साल बाद इसका रिव्यू किया गया। जिसके बाद सोमवार को नई कीमत तय की गई। आपको बता दें कि NPPA ने कहा है कि DES स्टेंट में कोई कैटेगरी नहीं होगी जबकि कंपनियां चाहती थीं कि इसे अलग-अलग कैटेगरी में बांटा जाए।
अगर कैटेगरी अलग की जाती तो निश्चित तौर पर कीमतों में भी इजाफा होता। NPPA ने साफ कर दिया कि मरीजों को सस्ते रेट में ही स्टेंट उपलब्ध करवाया जायेगा। NPPA ने स्टेंट पर 8 फीसदी का ट्रेड मारजिन भी दिया है।