फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shivraj Singh Chauhan: अब बाजार में नकली कीटनाशक बेचने वालों पर चलेगा डंडा, कृषि मंत्री ने अफसरों को दिए आदेश

Thu, 24 Jul 2025 08:52 PM IST
अभिषेक दीक्षित डिजिटल ब्यूरो, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

मंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि किसानों के हित में हमें विभिन्न स्तरों पर काम करना होगा। किसान हमारे लिए सर्वोपरि है, उनकी फसल नकली कीटनाशकों के कारण खराब नहीं होना चाहिए।
विज्ञापन
शिवराज सिंह चौहान - फोटो : PTI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नकली खाद-बीज की समस्या से किसानों को निजात दिलाने के लिए बड़ा फैसला किया है। उन्होंने कहा है कि नकली खाद-बीज बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। गुरुवार को दिल्ली में चौहान ने उच्चस्तरीय बैठक लेकर किसानों की भलाई के मद्देनजर कीटनाशकों के संबंध में महत्वपूर्ण निर्देश दिए।

विज्ञापन


कृषि मंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि राज्यों में प्रवास के दौरान किसानों से शिकायत मिलती है कि कई बार नकली कीटनाशकों के कारण उनकी फसल खराब हो जाती है, नुकसान होता है, इनका समुचित निवारण करते हुए किसानों के हित में नकली- अधोमानक कीटनाशकों को बाजार में आने से पूरी तरह रोकना होगा। नकली एवं अधोमानक कीटनाशक किसी भी हालत में बिकने नहीं पाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि कीटनाशकों के रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पारदर्शी होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे राज्य सरकारों के साथ मिलकर पूरे सिस्टम को मजबूत बनाएं।

कीटनाशकों के संबंध में कृषि भवन में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक लेकर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि कीटनाशकों के पंजीयन की प्रक्रिया ऐसी होना चाहिए कि जिससे किसी को भी कृषि विभाग के चक्कर नहीं लगाना पड़े, ना ही कोई गड़बड़ी होने पाएं। प्रक्रिया के दौरान ट्रेकिंग की व्यवस्था भी हो। कोई बेईमानी करता है, नकली या घटिया कीटनाशक बेचता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई हों। 
विज्ञापन


मंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि किसानों के हित में हमें विभिन्न स्तरों पर काम करना होगा। किसान हमारे लिए सर्वोपरि है, उनकी फसल नकली कीटनाशकों के कारण खराब नहीं होना चाहिए। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय तथा भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) के वरिष्ठ अधिकारियों को दिशा-निर्देश देते हुए शिवराज सिंह ने कहा कि खेतों में फसलों में क्या-क्या परिवर्तन आ रहा है, यह नियमित रूप से देखते हुए किसानों को समुचित सलाह प्रभावी तरीके से तत्काल दी जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि फसलों में आने वाली बीमारियों का वैज्ञानिकों द्वारा पता लगाकर उसका डिजिटल समाधान असरकारी ढंग से होना चाहिए। कृषि प्रसार व कृषि विज्ञान केंद्रों का अमला राज्यों के कृषि अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ मिलकर इस बारे में किसानों को जागरूक और शिक्षित करें, ताकि वे नुकसान से बचें।

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, हम सब मिलकर एक राष्ट्र- एक कृषि- एक टीम की थीम पर मजबूती से काम करें और राज्यों स्टाफ के साथ मिल-बैठकर किसानों से संवाद का सिलसिला नियमित होना चाहिए। यह बहुत ही महत्वपूर्ण मुद्दा है। किसानों के हित में, खरीफ की बुआई के दौरान भी किसानों को सलाह दी जाए, साथ ही रबी सीजन के पूर्व भी पहले से ही उपाय सुनिश्चित किए जाना चाहिए, ये जिम्मेदारी अधिकारी अपने कंधों पर लें और उसका निर्वहन करें। इस बैठक में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के सचिव देवेश चतुर्वेदी, आईसीएआर के महानिदेशक डा. मांगी लाल जाट सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे, जिन्होंने अपने सुझाव दिए।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें