जेटली के समक्ष वरुण की सीएम उम्मीदवारी की नारेबाजी से भी नेतृत्व नाराज
- फोटो : PTI
भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के दौरान पूरे शहर में पोस्टरबाजी और वित्त मंत्री अरुण जेटली के समक्ष वरुण गांधी की सीएम पद की उम्मीदवारी के समर्थन में हुई नारेबाजी पर पार्टी प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्या ने अमित शाह को अपनी रिपोर्ट सौंपी है। पोस्टरबाजी मामले में मौर्य ने दो सक्रिय कार्यकर्ताओं को कारण बताओ नोटिस देने के साथ ही 16 अन्य कार्यकर्ताओं को कड़ी फटकार लगाई है।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक ये पोस्टर आलाकमान की अनुमति के बगैर आलोपीबाग स्थित एक प्रेस में छपवाए गए। जांच के क्रम में दो सक्रिय कार्यकर्ताओं और 16 सामान्य कार्यकर्ताओं की भूमिका सामने आई। इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष ने सभी कार्यकर्ताओं को तलब कर कड़ी फटकार लगाई और दो सक्रिय कार्यकर्ताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया।
पोस्टरबाजी के अलावा जेटली के समक्ष वरुण की सीएम पद की उम्मीदवारी के समर्थन में लगाए गए नारे से नेतृत्व बेहद नाराज है। इस मामले में खुद शाह ने मौर्य से रिपोर्ट तलब की थी। मालूम हो कि रविवार को कार्यकारिणी बैठक के पहले दिन वरुण के समर्थकों ने पूरे शहर को पोस्टरों से पाट दिया था।