असम राइफल्स ने बुधवार को एक बयान में कहा कि कम से कम तीन लोगों के कब्जे से 2.5 करोड़ रुपये की हेरोइन जब्त की गई और उन्हें गिरफ्तार किया गया। बयान में कहा गया है कि विशिष्ट सूचना पर कार्रवाई करते हुए असम राइफल्स और राज्य के आबकारी और मादक पदार्थ विभाग के अधिकारियों ने मंगलवार को आइजोल के बावंगकॉन इलाके में एक संयुक्त अभियान चलाया और तीनों आरोपियों के कब्जे से 503 ग्राम हेरोइन जब्त की। जब्त की गई हेरोइन को 40 साबुन की पेटियों में छुपा कर रखा गया था। बयान में कहा गया है कि तीनों आरोपियों और 2.51 करोड़ रुपये के जब्त किए गए मादक पदार्थ को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए आबकारी और मादक पदार्थ विभाग को सौंप दिया गया है।
म्यांमार के 200 से अधिक शरणार्थियों ने मिजोरम के चम्फाई में शरण ली
म्यांमार के कुल 251 शरणार्थियों ने मिजोरम के चम्फाई जिले में हाल में पड़ोसी देश के सशस्त्र बलों के विद्रोही शिविर पर हवाई हमले के बाद शरण ली है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। चम्फाई के उपायुक्त जेम्स लालरिंचन ने बताया कि चिन नेशनल आर्मी (सीएनए) के मुख्यालय पर हवाई हमले के बाद से म्यांमार के 251 नागरिकों ने भारत में प्रवेश किया है और चम्फाई के तीन गांवों में शरण ली है।
म्यांमार सशस्त्र बलों ने 10 और 11 जनवरी को भारत-म्यांमार सीमा के करीब स्थित सीएनए के सैन्य मुख्यालय कैंप विक्टोरिया को निशाना बनाते हुए दो हवाई हमले किए थे। 10 जनवरी को हुए पहले हमले में कथित तौर पर दो महिलाओं सहित पांच सीएनए कैडरों की मौत हो गई थी, जबकि दूसरे में कोई हताहत नहीं हुआ था।