फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नोटबंदी के मोदी सरकार के फैसले पर यह बोले माइक्रोसॉफ्ट के फाउंडर बिल गेट्स

Fri, 18 Nov 2016 09:13 AM IST
 ब्यूरो/अमर उजाला, नई दिल्ली 
विज्ञापन
बिल गेट्स
विज्ञापन
माइक्रोसॉफ्ट के संस्थापक और जाने-माने आईटी विशेषज्ञ बिल गेट्स का कहना है कि नोटबंदी पर उनकी कोई राय नहीं है लेकिन भारतीय अर्थव्यवस्था को आगे बढ़ाने के लिए डिजिटल तकनीक अपनाना बेहद जरूरी है। गेट्स ने यह बात देश के चुनिंदा वरिष्ठ पत्रकारों से बातचीत में कही। हालांकि इसके पहले उन्होंने नीति आयोग के एक कार्यक्रम में मोदी सरकार के नोटबंदी के फैसले की तारीफ की थी।
विज्ञापन


गेट्स ने कहा था कि केंद्र सरकार द्वारा नोटबंदी के फैसले से भारत में शैडो अर्थव्यवस्था को खत्म करने में मदद मिलेगी और नगदी रहित अर्थव्यवस्था की ओर देश आगे बढ़ सकेगा। बिल गेट्स ने कहा कि हर क्षेत्र में तकनीकी का इस्तेमाल आर्थिक और स्वास्थ्य दोनों दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने जानकारी दी कि बिल-मिलिंडा गेट्स फाउंडेशन उत्तर प्रदेश और बिहार में स्वास्थ्य के क्षेत्र में कई अहम कार्य कर रहा है। उनका कहना था कि फाउंडेशन का प्रयास भारत को कुपोषण की समस्या से निजात दिलाना है।

गेट्स ने कहा कि कुछ राज्यों ने स्वास्थ्य और कुपोषण के क्षेत्र में काफी अच्छा काम किया है लेकिन कुछ राज्यों को इसमें और अधिक काम करने की जरूरत है। गेट्स का कहना था कि यदि स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का निराकरण नहीं किया गया तो यह भारतीय अर्थव्यवस्था पर आश्चर्यजनक रूप से बोझ बढ़ाएगा।
विज्ञापन


बिल गेट्स ने कहा कि भारत को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार रहना चाहिए और एक ऐसा तकनीकी वातावरण बनाना चाहिए जिससे देश वैश्विक चुनौतियों का आसानी से सामना कर सके। उन्होंने कहा कि आज पूरे विश्व की निगाहें भारत पर हैं कि वह कैसे इनोवेशन के क्षेत्र में चुनौतियों का सामना करता है। उन्होंने भारत सरकार की स्टार्ट-अप इंडिया और स्वच्छ भारत अभियान की भी सराहना की।
विज्ञापन

स्वास्थ्य क्षेत्र में निजी क्षेत्र की सहभागिता से मिलेगा और लाभ

बिल गेट्स
स्वास्थ्य क्षेत्र में निजी क्षेत्र की सहभागिता से मिलेगा और लाभ
भारत में स्वास्थ्य क्षेत्र में निजी क्षेत्र की सहभागिता से लोगों को और लाभ मिलेगा। यह बात बिल गेट्स ने केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा के साथ बैठक के बाद कही। इससे पहले गेट्स ने केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह से भी मुलाकात की।

बैठक में नड्डा ने स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से स्वास्थ्य क्षेत्र में सुधार के लिए उठाए गए कदमों की जानकारी दी। उन्होंने भविष्य की योजनाओं पर भी चर्चा की। मंत्री ने मिशन इंद्रधनुष के तहत किए जा रहे टीकाकरण के बारे में बिल गेट्स को विस्तार से बताया। इसके अलावा गर्भवती महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य पर किए गए कार्य की भी जानकारी दी।

बिल गेट्स ने स्वास्थ्य क्षेत्र में मंत्रालय की ओर से उठाए गए कदमों की तारीफ की और कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में निजी क्षेत्र की सहभागिता से और लाभ मिलेगा। इस दौरान केंद्रीय स्वास्थ्य राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते और अनुप्रिया पटेल के अलावा स्वास्थ्य सचिव सीके मिश्रा, स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. जगदीश प्रसाद और बिल एंड मेलिंडा गेट्स फाउंडेशन के पदाधिकारी मौजूद थे। 

केंद्रीय गृह मंत्री ने कृषि क्षेत्र में कर्मचारियों की दक्षता बढ़ाने के केंद्र सरकार के प्रयासों के लिए बिल गेट्स से सहयोग मांगा था। भारत में गेट्स फाउंडेशन द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं की सराहना करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश और बिहार में इसकी अनन्या बाल कल्याण एवं मातृत्व स्वास्थ्य योजना की सफलता के बाद इस योजना को छत्तीसगढ़, झारखंड और ओडिशा जैसे आदिवासी बहुल राज्यों में भी लागू किया जाएगा।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें