कर्नाटक के मंगलूरू में हिंदू कार्यकर्ता सुहास शेट्टी हत्या मामले की एनआईए से जांच नहीं कराई जाएगी। कर्नाटक के गृह मंत्री जी परमेश्वर ने भाजपा की मांग को खारिज कर दिया। राउडी शीटर सुहास शेट्टी की गुरुवार देर रात को बाजपे थाना क्षेत्र में अज्ञात हमलावरों ने हत्या कर दी थी।
कर्नाटक के गृह मंत्री जी परमेश्वर ने कहा कि एनआईए जांच की मांग भाजपा की राय है। हमारा मानना है कि पुलिस अपना काम बहुत अच्छे से कर रही है। इस सिलसिले में आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है और जांच जारी है। इस स्तर पर मामले को एनआईए को सौंपने की कोई आवश्यकता नहीं है।
शोक संतप्त परिवार से मुलाकात न करने के सवाल पर गृह मंत्री ने कहा कि जान लें कि यह एक हत्या का मामला है। शेट्टी के खिलाफ पांच आपराधिक मामले दर्ज थे। यही कारण है कि सरकार से कोई भी, मेरा मतलब है कि जनप्रतिनिधि, चाहे मैं या कोई और, उनसे नहीं मिला। सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि परिवार को न्याय मिले।
ये भी पढ़ें: कर्नाटक सरकार केंद्र पर बना रही दबाव, कृष्णा जल विवाद पर राजपत्र अधिसूचना जारी करने की करेगी मांग
परमेश्वर ने बताया कि हमने अपना काम कर लिया है और आठ लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए लोगों में अब्दुल सफवान, नियाज अहमद, मोहम्मद मुजम्मिल, खलंदर शफी, आदिल महरूज मोहम्मद रिजवान, रंजीत और नागराज शामिल हैं। उन्होंने कहा कि कर्नाटक सरकार दक्षिण कन्नड़ और उडुपी जिलों में सांप्रदायिकता विरोधी टास्क फोर्स का गठन करेगी | इसे जल्द से जल्द लागू हो जाएगा।
मंगलूरु पहुंचे थे गृह मंत्री में
गृह मंत्री परमेश्वर और जिला प्रभारी मंत्री दिनेश गुंडू राव शुक्रवार को मंगलूरु पहुंचे थे। उन्होंने मंगलुरु में कानून व्यवस्था की स्थिति का आकलन किया। इसके साथ ही पुलिस आयुक्त अनुपम अग्रवाल और उपायुक्त मुल्लई मुहिलान के साथ उच्च स्तरीय चर्चा की। मंत्रियों ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की और शांति की अपील किया। इसके साथ ही आश्वासन दिया कि हिंसा और व्यवधान के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें: बंगलूरू में NICE रोड पर मिला वकील का शव, शरीर पर मिले गंभीर चोट के निशान; पुलिस ने दर्ज किया केस
क्या है मामला
गुरुवार देर रात मंगलुरु शहर के बाजपे पुलिस स्टेशन की सीमा के पास एक अज्ञात समूह ने सुहास की हत्या कर दी थी। दरअसल, मंगलूरू के बाजपे इलाके के किन्निकांबला में रात करीब 8:27 बजे सुहास एक गाड़ी (KA-12-MB-3731)में अपने पांच दोस्तों के साथ घूम रहा था। तभी एक स्विफ्ट कार और पिकअप ट्रक में सवार 5-6 हमलावरों ने उनकी गाड़ी को रोका और सुहास को बाहर खींचा कर तेज धारदार हथियारों से हमला किया। उसे गंभीर हालत में एजे हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। त्या के बाद शुक्रवार को विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) ने बंद का आह्वान किया, जिसके चलते मंगलूरू शहर में कई दुकानों को बंद कर दिया गया।