सूरत के सुवाली बीच पर बचाव कार्य में लगे एनडीआरएफ के कर्मचारी
- फोटो : एएनआई
चक्रवाती तूफान दोपहर करीब साढ़े 12 बजे महाराष्ट्र के तटीय रायगढ़ जिले में अलीबाग के पास पहुंचा। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, महाराष्ट्र में मुंबई, ठाणे, रायगढ़ और पालघर में तूफान के चलते तेज हवाएं चलेंगी और भारी वर्षा होगी। राज्य के राहत आयुक्त हर्षद पटेल ने कहा, ‘अरब सागर के पास स्थित वलसाड और नवसारी जिलों में हवा की गति सामान्य रही।'
उन्होंने कहा, हालांकि अगले तीन घंटे में हवा की गति बढ़कर 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे हो सकती है क्योंकि चक्रवात उत्तर पूर्व महाराष्ट्र की ओर बढ़ रहा है। अभी तक किसी अप्रिय घटना या किसी मनुष्य को चोट लगने की सूचना नहीं है। पटेल ने कहा, ‘वलसाड और नवसारी में सुबह से क्रमश: दो मिलीमीटर और सात मिलीमीटर वर्षा हुई है। स्थिति नियंत्रण में है।’
पटेल ने कहा कि एहतियाती कदम के तौर पर अभी तक आठ जिलों में तट के पास रहने वाले 63,700 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की 18 टीमों और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की छह टीमों को विभिन्न स्थानों पर तैनात किया गया है।
उन्होंने कहा कि इनमें से 33,680 लोगों को वलसाड जिले से निकाला गया है, वहीं 14,400 लोगों को नवसारी में, सूरत में 8,727 लोगों को, भावनगर में 3,066 लोगों को, अमरेली में 2,086 लोगों को, भरूच में 12,020 लोगों को, आणंद में 761 लोगों को और गिर-सोमनाथ में 228 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।